Skip to content
Friday, 30 October 2026
BREAKING
BUSINESS

शेयर बाजारः मुनाफावसूली के बावजूद हरे निशान में निफ्टी और सेंसेक्स

शुरुआती कारोबार में मुनाफा वसूली के बावजूद हरे निशान में निफ्टी और सेंसेक्स

नई दिल्ली, 20 अक्टूबर (Udaipur Kiran News) । घरेलू शेयर बाजार में आज शुरुआती कारोबार के दौरान मुनाफा वसूली का दबाव बनने के बावजूद मजबूती बनी हुई है। आज के कारोबार की शुरुआत भी बढ़त के साथ हुई थी। बाजार खुलते ही सेंसेक्स और निफ्टी दोनों सूचकांकों की चाल में जोरदार तेजी आ गई। हालांकि शुरुआती 10 मिनट के बाद ही मुनाफा वसूली शुरू हो जाने के कारण इन दोनों सूचकांक की चाल में गिरावट भी आई। इसके बावजूद दोनों सूचकांक मजबूती के साथ कारोबार करते रहे।

सुबह 10 बजे तक का कारोबार होने के बाद सेंसेक्स 0.39 प्रतिशत और निफ्टी 0.38 प्रतिशत की मजबूती के साथ कारोबार कर रहे थे। स्टॉक मार्केट के दिग्गज शेयरों में से रिलायंस इंडस्ट्रीज, जियो फाइनेंशियल, डॉ रेड्डीज लेबोरेट्रीज, स्टेट बैंक ऑफ इंडिया और अपोलो हॉस्पिटल के शेयर 2.82 प्रतिशत से लेकर 1.10 प्रतिशत की मजबूती के साथ कारोबार कर रहे थे। दूसरी ओर आईसीआईसीआई बैंक, जेएसडब्ल्यू स्टील, ट्रेंट लिमिटेड, टाटा स्टील और ओएनजीसी के शेयर 1.79 प्रतिशत से लेकर 0.19 प्रतिशत की गिरावट के साथ कारोबार करते हुए नजर आ रहे थे।

अभी तक के कारोबार में स्टॉक मार्केट में 2,208 शेयरों में एक्टिव ट्रेडिंग हो रही थी। इनमें से 1,265 शेयर मुनाफा कमा कर हरे निशान में कारोबार कर रहे थे, जबकि 943 शेयर नुकसान उठा कर लाल निशान में कारोबार कर रहे थे। इसी तरह सेंसेक्स में शामिल 30 शेयरों में से 21 शेयर लिवाली के सपोर्ट से हरे निशान में बने हुए थे। दूसरी ओर 9 शेयर बिकवाली के दबाव में लाल निशान में कारोबार कर रहे थे। जबकि निफ्टी में शामिल 50 शेयरों में से 36 शेयर हरे निशान में और 14 शेयर लाल निशान में कारोबार करते नजर आ रहे थे।

बीएसई का सेंसेक्स आज 317.11 अंक की मजबूती के साथ 84,269.30 अंक के स्तर पर खुला। कारोबार की शुरुआत होते ही खरीदारों ने लिवाली का जोर बना दिया, जिसके कारण ये सूचकांक ओपनिंग लेवल से करीब 400 अंक उछल कर 84,656.56 अंक तक आ गया। हालांकि इसके बाद बाजार में मुनाफा वसूली शुरू हो गई, जिसकी वजह से इस सूचकांक की चाल में गिरावट आ गई। बाजार में लगातार जारी खरीद बिक्री के बीच सुबह 10 बजे तक का कारोबार होने के बाद सेंसेक्स 331.47 अंक की बढ़त के साथ 84,283.66 अंक के स्तर पर कारोबार कर रहा था।

सेंसेक्स की तरह ही एनएसई के निफ्टी ने आज 114.75 अंक उछल कर 25,824.60 अंक के स्तर से कारोबार की शुरुआत की। बाजार खुलते ही लिवाली शुरू हो जाने के कारण थोड़ी देर में ही ये सूचकांक ओपनिंग लेवल से 100 अंक से अधिक की छलांग लगा कर 25,926.20 अंक तक पहुंच गया। इसके बाद बाजार में मुनाफा वसूली के चक्कर में बिकवाली शुरू हो गई, जिसकी वजह से इस सूचकांक की चाल में गिरावट आ गई। बाजार में लगातार जारी लिवाली और बिकवाली के बीच सुबह 10 बजे तक का कारोबार होने के बाद निफ्टी 98.50 अंक की तेजी के साथ 25,808.35 अंक के स्तर पर कारोबार कर रहा था।

इसके पहले पिछले सप्ताह के आखिरी कारोबारी दिन शुक्रवार को सेंसेक्स 484.53 अंक यानी 0.58 प्रतिशत की मजबूती के साथ 83,952.19 अंक के स्तर पर बंद हुआ था। वहीं निफ्टी ने 124.55 अंक यानी 0.49 प्रतिशत की उछाल के साथ 25,709.85 अंक के स्तर पर शुक्रवार के कारोबार का अंत किया था।

—————

(Udaipur Kiran) / योगिता पाठक

Share

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *