Skip to content
Friday, 30 October 2026
BREAKING
CHHATTISGARH

कोरिया: जिले में धान खरीद रफ्तार पर, किसानों के चेहरे खिले, समर्थन मूल्य से बढ़ा भरोसा

किसान

अंबिकापुर/कोरिया, 2 दिसंबर (Udaipur Kiran) । समर्थन मूल्य पर धान खरीद अभियान के तहत कोरिया जिले में किसानों की उत्साहपूर्ण भागीदारी जारी है। सहकारी समितियों में टोकन आधारित विक्रय व्यवस्था, पारदर्शी प्रक्रियाओं और सुविधाजनक प्रबंधन के कारण खरीद केंद्रों पर किसानों में संतोष देखा जा रहा है। अपनी उपज बेचने के बाद किसान आर्थिक रूप से राहत और आत्मविश्वास महसूस कर रहे हैं।

ग्राम सरड़ी निवासी 45 वर्षीय किसान विश्वनाथ प्रसाद ने साख सहकारी समिति छिन्दडांड़ में 15.20 क्विंटल धान बेचा। उन्होंने बताया कि 0.3000 हेक्टेयर भूमि में खेती कर उन्होंने धान तैयार किया था और निर्धारित 2,369 रुपये प्रति क्विंटल की दर से उन्हें 36,008 रुपये से अधिक की राशि प्राप्त होगी। किसान विश्वनाथ ने कहा कि खरीदी केंद्रों पर प्रक्रिया सुचारू और सरल है तथा पूरी व्यवस्था किसानों के अनुकूल बनाई गई है।

इसी तरह ग्राम आमगांव निवासी 35 वर्षीय किसान राजेश कुमार तिर्की ने भी समिति में टोकन प्राप्त कर 38.80 क्विंटल धान की बिक्री की। निर्धारित समर्थन मूल्य के अनुसार उन्हें 91,917 रुपये से अधिक की राशि मिलेगी। उन्होंने बताया कि बिक्री से मिली राशि का उपयोग वे कर्ज भुगतान, आगामी खेती और खाद-बीज सहित दैनिक आवश्यकताओं में करेंगे। राजेश ने कहा कि खरीद व्यवस्था व्यवस्थित है और किसी प्रकार की दिक्कत का सामना नहीं करना पड़ रहा है।

ग्राम महुआपारा निवासी 46 वर्षीय किसान पवन कुमार राजवाड़े ने 65.20 क्विंटल धान बेचकर 1,54,458 रुपये की प्राप्ति सुनिश्चित की है। उन्होंने बताया कि खरीद केंद्र में पूरी प्रक्रिया बिना इंतजार के संपन्न हुई। बिक्री से प्राप्त धनराशि का उपयोग वे घर की मरम्मत, बच्चों की पढ़ाई, खेती और दैनिक आवश्यकताओं में करेंगे।

ग्राम आमगांव के 57 वर्षीय किसान रामकुमार साहू ने भी समिति के माध्यम से टोकन कटाकर 40.80 क्विंटल धान बेचा, जिसके लिए उन्हें समर्थन मूल्य के आधार पर 96,655 रुपये से अधिक राशि प्राप्त होगी। उन्होंने कहा कि खरीद की पारदर्शी व्यवस्था और अधिकारियों का सहयोग किसानों के लिए लाभकारी सिद्ध हो रहा है।

धान विक्रय के दौरान युवाओं में भी उत्साह देखने को मिल रहा है। ग्राम सरड़ी के 28 वर्षीय किसान चंदन सिंह ने 50 क्विंटल धान बेचकर सरकार पर भरोसा जताया। उन्होंने कहा कि किसानों को देश में सर्वाधिक दाम देकर राज्य सरकार ने उनका सम्मान बढ़ाया है। तकनीकी सुविधाओं के उपयोग से धान खरीदी की प्रक्रिया सरल, त्वरित और पारदर्शी हुई है, जिसका लाभ बड़ी संख्या में किसान उठा रहे हैं।

कोरिया जिले में धान खरीद की सुगम व्यवस्था से किसानों का मनोबल बढ़ा है और खरीद केंद्रों पर लगातार रफ्तार के साथ उपज की आवक जारी है। किसानों के मुताबिक, समर्थन मूल्य ने आर्थिक मजबूती के साथ सरकार के प्रति भरोसा भी बढ़ाया है।

(Udaipur Kiran) / पारस नाथ सिंह

Share

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *