Skip to content
Tuesday, 24 November 2026
BREAKING
AUTOMOBILE

टाटा नेक्सन और एमजी विंडसर ईवी को 2027 में मिलेंगे बड़े अपडेट्स

उदयपुर, 24 नवंबर: भारत में इलेक्ट्रिक कारों की मांग काफी तेजी से बढ़ रही है। साल 2026 तक इलेक्ट्रिक पैसेंजर गाड़ियों की बिक्री पहली बार 3 लाख यूनिट्स के पार पहुंच गई है। वाहन पोर्टल के डेटा के मुताबिक, 1 जनवरी से 9 नवंबर 2026 के बीच देश में कुल 304,701 इलेक्ट्रिक गाड़ियां बिकी हैं। यह सालाना बिक्री में 66 प्रतिशत की बढ़ोतरी को दिखाता है। इस बढ़ती मांग को देखते हुए कंपनियां नए मॉडल्स लॉन्च करने और मौजूदा गाड़ियों को अपडेट करने की तैयारी में हैं। इसी कड़ी में, देश की दो बेहद लोकप्रिय इलेक्ट्रिक कारों, टाटा नेक्सन ईवी और एमजी विंडसर ईवी को 2027 में बड़े अपडेट्स मिलने जा रहे हैं।

2027 टाटा नेक्सन ईवी

टाटा मोटर्स नेक्सन की अगली जेनरेशन पर काम कर रही है, जिसे कंपनी के भीतर ‘गरुड़’ कोडनेम दिया गया है। मौजूदा मॉडल के मुकाबले नई नेक्सन में कई बड़े बदलाव देखने को मिल सकते हैं, जिनमें एक नया प्लेटफॉर्म भी शामिल है। माना जा रहा है कि इसके इलेक्ट्रिक मॉडल, नई नेक्सन ईवी में भी ये बदलाव किए जाएंगे। हालांकि, इसका मौजूदा साइज और शेप पहले जैसा ही रह सकता है। इसका फ्रंट लुक पूरी तरह से नया हो सकता है, जिसमें नई ग्रिल, नए हेडलैंप्स, एलईडी डीआरएल और बदला हुआ बंपर शामिल होगा।

पावरट्रेन से जुड़ी उम्मीदें

नई नेक्सन ईवी के केबिन के अंदर कई बड़े बदलाव होने की उम्मीद है। टेस्टिंग के दौरान सामने आई तस्वीरों के अनुसार, इसमें नया डैशबोर्ड और डिजिटल ड्राइवर डिस्प्ले मिल सकता है। टॉप वेरिएंट में डुअल-स्क्रीन सेटअप देखने को मिल सकता है। इसके अलावा, पैनोरमिक सनरूफ और वेंटिलेटेड फ्रंट सीट्स जैसे फीचर्स भी मिलने की उम्मीद है। हालांकि, कंपनी ने अभी बैटरी, मोटर पावर, चार्जिंग टाइम और ड्राइविंग रेंज को लेकर कोई जानकारी नहीं दी है। माना जा रहा है कि मौजूदा मॉडल की तरह इसमें भी 30kWh और 45kWh बैटरी पैक के विकल्प मिल सकते हैं।

2027 एमजी विंडसर ईवी

जेएसडब्ल्यू मोटर इंडिया 2027 में एमजी विंडसर ईवी का एक बड़ा अपडेटेड वर्जन लाने की तैयारी में है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, नई विंडसर ईवी में बड़ा 61kWh का बैटरी पैक मिल सकता है, जबकि मौजूदा मॉडल में 52.9kWh का बैटरी पैक आता है। हालांकि, मोटर पावर और ड्राइविंग रेंज के बारे में अभी कोई जानकारी सामने नहीं आई है। कंपनी इसके बाहरी लुक में भी कुछ बदलाव कर सकती है, जिसमें नए फ्रंट और रियर बंपर, अपडेटेड हेडलैंप्स और टेललैंप्स के साथ नए अलॉय व्हील्स शामिल हो सकते हैं।

नए कलर ऑप्शंस की उम्मीद

नई एमजी विंडसर ईवी में नए एक्सटीरियर कलर ऑप्शंस भी मिल सकते हैं। इसके अलावा, केबिन के अंदर भी कुछ हल्के-फुल्के बदलाव देखने को मिल सकते हैं। मौजूदा मॉडल में पहले से ही बड़ा टचस्क्रीन इंफोटेनमेंट सिस्टम, पैनोरमिक ग्लास रूफ और वेंटिलेटेड फ्रंट सीट्स जैसे फीचर्स मिलते हैं। अन्य फीचर्स में इनफिनिटी साउंड सिस्टम, छह एयरबैग और लेवल-2 एडास (ADAS) शामिल हैं। उम्मीद है कि कंपनी नए मॉडल में इन फीचर्स को बरकरार रखेगी और साथ ही बैटरी व डिजाइन को और बेहतर बनाएगी। हालांकि, नई विंडसर ईवी की कीमत और लॉन्च डेट का अभी खुलासा नहीं हुआ है।

टाटा नेक्सन और एमजी विंडसर ईवी को 2027 में मिलेंगे बड़े अपडेट्स

Share