Skip to content
Thursday, 29 October 2026
BREAKING
HimachalPradesh

प्रतिभाएं क्षेत्र और संसाधनों की मोहताज नहीं होती : जयराम ठाकुर

देहरा में स्कूल के वार्षिकोत्सव का शुभारंभ करते हुए नेता प्रतिपक्ष।

धर्मशाला, 29 दिसंबर (Udaipur Kiran) । हिमाचल प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री एवं नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने सोमवार को कांगड़ा जिला के देहरा स्थित एक निजी स्कूल के वार्षिक उत्सव कार्यक्रम में शामिल होकर विद्यार्थियों, शिक्षकों और अभिभावकों का उत्साहवर्धन किया। कार्यक्रम में विद्यालय के नन्हे-मुन्ने विद्यार्थियों द्वारा प्रस्तुत रंगारंग एवं सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने समूचे वातावरण को उल्लास और ऊर्जा से भर दिया। बच्चों की शानदार प्रस्तुतियों ने दर्शकों का मन मोह लिया और उनकी प्रतिभा, आत्मविश्वास, अनुशासन तथा बौद्धिक क्षमता सभी के सामने रखी।

जयराम ठाकुर ने कहा कि बच्चों में ही देश और प्रदेश का भविष्य निहित है। आज जो प्रतिभाएं मंच पर दिखाई दे रही हैं, वही आने वाले समय में समाज और राष्ट्र को नई दिशा देने का कार्य करेंगी। उन्होंने कहा कि प्रतिभा किसी शहर या सुविधा की मोहताज नहीं होती, बल्कि ग्रामीण क्षेत्रों में भी अपार प्रतिभाएं मौजूद हैं, जिन्हें सही मार्गदर्शन और अवसर मिलना चाहिए। आज का बच्चों का कार्यक्रम मंत्रमुग्ध करने वाला था। अपने प्रेरक संबोधन के दौरान उन्होंने बच्चों को जीवन से जुड़ी कई प्रेरणादायी कहानियां सुनाईं और मेहनत, अनुशासन, संस्कार और आत्मविश्वास के महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने विद्यार्थियों से आह्वान किया कि वे लक्ष्य निर्धारित कर निरंतर परिश्रम करें, क्योंकि कठिनाइयों से संघर्ष करके ही सफलता प्राप्त होती है।

कार्यक्रम के दौरान आयोजित पुरस्कार वितरण समारोह में जयराम ठाकुर ने मेधावी विद्यार्थियों को सम्मानित किया और उन्हें उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं।

इस अवसर पर देहरा के पूर्व जसवां परगपुर के विधायक बिक्रम सिंह, देहरा के पूर्व विधायक होशियार सिंह, प्रबंध निदेशक प्रवीण राजपूत प्राचार्य गुंजन परमार, भाजपा प्रदेश मीडिया सह प्रभारी संजीव शर्मा व विश्व चक्षु, मंडल अध्यक्ष अविनाश धीमान समेत विद्यालय परिवार,अभिभावकगण एवं क्षेत्र के अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

(Udaipur Kiran) / सतेंद्र धलारिया

Share

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *