Skip to content
Wednesday, 28 October 2026
BREAKING
SPORTS

टी20 वर्ल्ड कप 2026 के लिए टीम इंडिया घोषित, सूर्यकुमार यादव बने कप्तान, गिल बाहर

सूर्यकुमार यादव और शुभमन गिल

– ईशान किशन की लंबे समय बाद वापसी

नई दिल्ली, 20 दिसंबर (Udaipur Kiran) । भारत और श्रीलंका की संयुक्त मेजबानी में फरवरी–मार्च 2026 में होने वाले आईसीसी मेंस टी20 वर्ल्ड कप के लिए भारतीय टीम का ऐलान कर दिया गया है। शनिवार, 20 दिसंबर को बीसीसीआई ने सूर्यकुमार यादव के नेतृत्व वाली 15 सदस्यीय टीम इंडिया की घोषणा की। चयन में सबसे बड़ा फैसला शुभमन गिल को बाहर रखना रहा, जबकि शानदार फॉर्म में चल रहे ईशान किशन को स्क्वॉड में जगह मिली है।

साउथ अफ्रीका के खिलाफ हालिया टी20 सीरीज में शुभमन गिल का प्रदर्शन चयनकर्ताओं को प्रभावित नहीं कर सका। शुरुआती दो मुकाबलों में वह महज 4 और 0 रन ही बना पाए, जबकि धर्मशाला में खेले गए तीसरे टी20 में 28 रन की पारी खेलने के बावजूद वह अपनी लय में नजर नहीं आए। इसी कारण उन्हें टी20 वर्ल्ड कप 2026 की टीम में शामिल नहीं किया गया।

दूसरी ओर, ईशान किशन ने घरेलू क्रिकेट में शानदार प्रदर्शन कर चयनकर्ताओं का भरोसा जीता। सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी में उन्होंने बेहतरीन बल्लेबाजी करते हुए टूर्नामेंट में सबसे ज्यादा 517 रन बनाए। उनकी यह निरंतरता और बड़े स्कोर बनाने की क्षमता ऐसे समय पर सामने आई, जब टी20 वर्ल्ड कप के लिए टीम चयन बेहद अहम था।

बीसीसीआई ने इसके साथ ही अगले महीने न्यूजीलैंड के खिलाफ होने वाली सीमित ओवरों की सीरीज के लिए भी भारतीय टीम का चयन किया है। इस मौके पर चीफ सिलेक्टर अजीत अगरकर और कप्तान सूर्यकुमार यादव मुंबई स्थित बीसीसीआई मुख्यालय में प्रेस कॉन्फ्रेंस में जानकारी दी। यही टीम न्यूजीलैंड के खिलाफ टी-20 सीरीज भी खेलेगी।

टी20 वर्ल्ड कप 2026 के लिए भारतीय टीम:

सूर्यकुमार यादव (कप्तान), अभिषेक शर्मा, तिलक वर्मा, हार्दिक पांड्या, शिवम दुबे, अक्षर पटेल (उपकप्तान), ईशान किशन (विकेटकीपर), संजू सैमसन (विकेटकीपर), जसप्रीत बुमराह, वरुण चक्रवर्ती, अर्शदीप सिंह, कुलदीप यादव, हर्षित राणा, रिंकू सिंह, वॉशिंगटन सुंदर।

————-

(Udaipur Kiran) दुबे

Share

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *