Skip to content
Thursday, 29 October 2026
BREAKING
HIMACHAL PRADESH

हिमाचल में बढ़ा पारा, दिवाली तक बारिश-बर्फबारी के आसार नहीं

शिमला में मौसम

शिमला, 14 अक्टूबर (Udaipur Kiran News) । हिमाचल प्रदेश में इन दिनों शुष्क मौसम का दौर जारी है। राजधानी शिमला सहित राज्य के अधिकांश हिस्सों में मंगलवार को भी आसमान साफ रहा और धूप खिली रही। लगातार साफ मौसम के चलते दिन के तापमान में बढ़ोतरी दर्ज की जा रही है, जबकि रात की ठंडक में भी कमी आई है। मौसम विज्ञान केंद्र शिमला द्वारा जारी पूर्वानुमान के अनुसार दिवाली तक यानी आगामी 20 अक्तूबर तक प्रदेश में बारिश या बर्फबारी की कोई संभावना नहीं है। इस दौरान पूरे प्रदेश में मौसम सामान्यत: साफ बना रहेगा।

मौसम के लगातार साफ बने रहने से अधिकतम और न्यूनतम दोनों तापमान में बढ़ोतरी के आसार हैं। मंगलवार को राज्य का औसतन न्यूनतम तापमान सामान्य से 0.4 डिग्री सेल्सियस अधिक दर्ज किया गया, जबकि बीते 24 घंटों में तापमान में करीब 0.3 डिग्री की वृद्धि दर्ज हुई है। इससे लोगों को सुबह और रात के समय पड़ने वाली ठंड से फिलहाल राहत मिली है।

हालांकि, ऊंचाई वाले जनजातीय क्षेत्रों में अभी भी ठंड का असर बना हुआ है। लाहौल-स्पीति के कुकुमसेरी में न्यूनतम तापमान सबसे कम 1.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि ताबो में 4.1 और किन्नौर के कल्पा में 6.4 डिग्री सेल्सियस रहा। राज्य के अन्य इलाकों में भी तापमान में हल्की वृद्धि देखी गई है। शिमला का न्यूनतम तापमान 11.6, सुंदरनगर 13.6, ऊना 13.4, भुंतर 10.5, पालमपुर 11, सोलन 13.4, मनाली 6.9, कांगड़ा 14.6, मंडी 14.7, बिलासपुर 17.3, हमीरपुर 15, जुब्बड़हट्टी 13.3, कुफ़री 12.1, नारकंडा 9.1, रिकांगपिओ 9.2 और सियोबग में न्यूनतम तापमान 9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

मौसम विज्ञान केंद्र शिमला के अनुसार फिलहाल किसी भी पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने की संभावना नहीं है। ऐसे में प्रदेश में दिवाली तक मौसम पूरी तरह शुष्क और साफ रहने का अनुमान है। इससे पर्व-त्योहार के दिनों में लोगों को दिन के समय गर्म धूप का और रात में सुहावनी ठंड का आनंद लेने का अवसर मिलेगा।

—————

(Udaipur Kiran) / उज्जवल शर्मा

Share

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *