पुसौर में युवती से दुष्कर्म का मामला : आरोपित गिरफ्तार, भेजा गया न्यायिक रिमांड पर

रायगढ़, 22 दिसंबर (Udaipur Kiran) । पुसौर थाना क्षेत्र में सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म इंस्टाग्राम के माध्यम से जान-पहचान कर शादी का झांसा देकर युवती से दुष्कर्म करने के मामले में पुसौर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपित युवक को आज साेमवार काे गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। पीड़िता ने 31 अक्टूबर 2025 को थाना पुसौर में आवेदन प्रस्तुत कर रिपोर्ट दर्ज कराई थी, जिसके आधार पर पुलिस ने मामला पंजीबद्ध कर विवेचना प्रारंभ की।
पीड़िता के अनुसार, लगभग एक वर्ष पूर्व उसकी पहचान इंस्टाग्राम आईडी के माध्यम से संदीप प्रधान निवासी बोरोडीपा चौक, पुसौर से हुई थी। इसके बाद मोबाइल पर बातचीत का सिलसिला शुरू हुआ। इसी दौरान जनवरी 2024 से अप्रैल 2024 के बीच आरोपित ने शादी का भरोसा दिलाकर अलग-अलग स्थानों पर ले जाकर जबरन शारीरिक संबंध बनाए, बाद में विवाह से साफ इंकार कर दिया। पीड़िता के लिखित आवेदन पर थाना पुसौर में अपराध क्रमांक 294/2025, धारा 69 भारतीय न्याय संहिता के तहत मामला दर्ज किया गया।
विवेचना के दौरान पीड़िता का कथन महिला पुलिस अधिकारी द्वारा दर्ज कराया गया तथा चिकित्सकीय परीक्षण भी कराया गया। घटना के बाद से फरार आरोपित को पुलिस ने पतासाजी कर हिरासत में लिया। पूछताछ में आरोपित ने अपराध स्वीकार किया। आरोपित संदीप प्रधान (उम्र 25 वर्ष) का मेडिकल परीक्षण सीएचसी पुसौर में कराकर आज न्यायालय में प्रस्तुत किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।
—————
(Udaipur Kiran) / रघुवीर प्रधान



