Skip to content
Wednesday, 28 October 2026
BREAKING
RAJASTHAN

दो साल में बदला राजस्थान का चेहरा, विकास और विश्वास की नई कहानी लिख रही सरकार-डॉ. प्रेमचंद बैरवा

दो साल में बदला राजस्थान का चेहरा, विकास और विश्वास की नई कहानी लिख रही सरकार-डॉ. प्रेमचंद बैरवा

“नव उत्थान नई पहचान, बढ़ता राजस्थान हमारा राजस्थान” अभियान के तहत भीलवाड़ा में प्रेस ब्रीफिंग, डबल इंजन सरकार की उपलब्धियों का किया बखान

भीलवाड़ा, 13 दिसंबर (Udaipur Kiran) । राज्य के उपमुख्यमंत्री एवं भीलवाड़ा जिला प्रभारी मंत्री डॉ. प्रेमचंद बैरवा ने कहा कि मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के नेतृत्व में प्रदेश सरकार के दो वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में “नव उत्थान नई पहचान, बढ़ता राजस्थान हमारा राजस्थान” अभियान के तहत राज्यभर में विविध जनकल्याणकारी कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि डबल इंजन की सरकार ने बीते दो वर्षों में विकास, सुशासन और जनविश्वास के नए आयाम स्थापित किए हैं, जिसका सीधा लाभ प्रदेश के आम नागरिकों को मिला है।

डॉ. बैरवा शनिवार को भीलवाड़ा के सर्किट हाउस में वर्तमान सरकार के दो वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर आयोजित प्रेस ब्रीफिंग को संबोधित कर रहे थे।

उन्होंने कहा कि सरकार ने अपने संकल्प पत्र में जनता से जो वादे किए थे, उनमें से अधिकांश को समयबद्ध रूप से पूरा कर लिया गया है और शेष वादे भी शीघ्र ही शत-प्रतिशत पूरे किए जाएंगे। उन्होंने स्पष्ट कहा कि यह सरकार केवल घोषणाओं तक सीमित नहीं रहती, बल्कि जो कहती है उसे धरातल पर उतारकर दिखाती है।

उपमुख्यमंत्री ने केंद्र सरकार के सहयोग से प्रदेश में चल रही प्रमुख परियोजनाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में रामसेतु परियोजना पर कार्य प्रारंभ हो चुका है, जिससे राजस्थान के कई जिलों को जल संकट से राहत मिलेगी। यह परियोजना राज्य के लिए दीर्घकालीन लाभकारी सिद्ध होगी।

डॉ. बैरवा ने कहा कि विद्युत उत्पादन के क्षेत्र में सरकार ने उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल की हैं। राज्य में नए ग्रिड सब-स्टेशन (जीएसएस) स्थापित कर विद्युत तंत्र को मजबूत किया गया है, जिससे गांवों और शहरों दोनों में बिजली आपूर्ति में सुधार हुआ है। उन्होंने कहा कि हमारी सरकार गरीब, किसान और मध्यम वर्ग के कल्याण को सर्वोच्च प्राथमिकता देती है।

उन्होंने सड़कों और आधारभूत ढांचे के विकास पर जोर देते हुए कहा कि प्रदेश में सड़क विकास के अभूतपूर्व कार्य हुए हैं, जिससे न केवल आवागमन सुगम हुआ है, बल्कि व्यापार और उद्योग को भी गति मिली है। इसके साथ ही सरकार ने पारदर्शी भर्ती प्रणाली लागू करते हुए अब तक जितनी भी प्रतियोगी परीक्षाएं आयोजित की हैं, वे सभी सफलतापूर्वक संपन्न हुई हैं और दो वर्षों में एक भी पेपर लीक की घटना नहीं हुई। इससे युवाओं का सरकार पर विश्वास और अधिक मजबूत हुआ है।

डॉ. बैरवा ने राइजिंग राजस्थान अभियान की जानकारी देते हुए बताया कि इसके तहत किए गए अधिकांश एमओयू अब धरातल पर उतर चुके हैं। निवेश से उद्योगों की स्थापना हो रही है और प्रदेश में रोजगार के नए अवसर सृजित हो रहे हैं।

प्रेस ब्रीफिंग के दौरान सांसद दामोदर अग्रवाल, स्थानीय विधायक अशोक कोठारी, शाहपुरा विधायक डा. लालाराम बैरवा, भाजपा जिला अध्यक्ष प्रशांत मेवाड़ा सहित अनेक जनप्रतिनिधि एवं मीडिया प्रतिनिधि उपस्थित रहे। सभी ने सरकार के दो वर्षों के कार्यकाल को विकास, विश्वास और जनकल्याण की दिशा में महत्वपूर्ण बताया।

—————

(Udaipur Kiran) / मूलचंद

Share

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *