अखबारों में पेपर लीक की खबरें पढ़कर आया करोड़पति बनने का आइडिया

बांसवाड़ा, 15 दिसंबर (Udaipur Kiran) । वन रक्षक भर्ती परीक्षा-2020 (फॉरेस्ट गार्ड) पेपर लीक मामले के मास्टरमाइंड, सरकारी टीचर जबराराम जाट ने पुलिस पूछताछ में चौंकाने वाले खुलासे किए हैं। आरोपित ने बताया कि वह अखबारों में पेपर लीक से जुड़ी खबरें पढ़ता था, जिससे उसे इसमें करोड़ों की कमाई का लालच आया और वह खुद इसका मास्टरमाइंड बन गया। पुलिस अब तक इस मामले में 39 लोगों को गिरफ्तार कर चुकी है, लेकिन कई बड़े खुलासे और पैसों की रिकवरी अभी बाकी है।
अनुसंधान अधिकारी एएसपी भवानी शंकर मीणा ने बताया कि गिरफ्तार मास्टरमाइंड, जो कि खुद एक थर्ड ग्रेड टीचर है, शुरू से ही महत्वाकांक्षी था और उसने अखबारों में पेपर लीक से करोड़ों कमाने की खबरें पढ़कर पैसा कमाना चाहा।
बाड़मेर के पचपदरा थाना क्षेत्र के रहने वाले आरोपित जबराराम जाट ने पूछताछ में बताया कि उसने पेपर भोपाल स्थित रुचि प्रिंटिंग प्रेस से प्राप्त किया था। आरोपित ने पेपर लीक के जरिए काफी पैसा कमाया है।
पूछताछ में मास्टरमाइंड ने चार अन्य लोगों के नाम बताए हैं, जिन्होंने पेपर उपलब्ध कराने में उसकी मदद की थी। पुलिस ने इन चारों को नामित कर लिया है। प्रिंटिंग प्रेस से पेपर निकालकर लाने वाले व्यक्ति की पहचान भी हो गई है, हालांकि वह अभी फरार है।
गोपनीयता को देखते हुए अभी नामित व्यक्तियों के नाम सार्वजनिक नहीं किए गए हैं। पुलिस का कहना है कि इस कड़ी में शामिल अन्य लोगों से भी गहन पूछताछ की जाएगी। अभी तक 39 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है और करीब 10 से 15 लोग अभी पुलिस की रडार पर हैं।
—————
(Udaipur Kiran) / सुभाष



