Skip to content
Wednesday, 28 October 2026
BREAKING
RAJASTHAN

बढ़ने लगी सर्दी की दस्तक, नागौर में सबसे ठंडी रात

मौसम विभाग

जयपुर, 16 अक्टूबर (Udaipur Kiran News) । राजधानी जयपुर समेत पूरे राजस्थान में अब मौसम करवट लेने लगा है। रात के समय ठंडक महसूस होने लगी है, जबकि दिन में अभी भी धूप अपने तेवर दिखा रही है। शहर के बाहरी इलाकों में सुबह-शाम लोग गर्म कपड़ों का सहारा लेने लगे हैं। मौसम विभाग का कहना है कि दीपावली के बाद सर्दी का असर तेजी से बढ़ेगा और रात के तापमान में और गिरावट देखने को मिलेगी।

राज्य के कई जिलों में बुधवार की रात तापमान 20 डिग्री सेल्सियस से नीचे रहा। उत्तरी हवाओं के चलते प्रदेश में हल्की सर्दी बनी हुई है। नागौर में सबसे ठंडी रात रही, जहां न्यूनतम तापमान 14.8 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया।

पिछले 24 घंटों के दौरान राजस्थान के अधिकांश शहरों में आसमान साफ रहा और दिन में धूप खिली रही। जैसलमेर, बाड़मेर, बीकानेर और श्रीगंगानगर में दिन का तापमान 26 से 35 डिग्री सेल्सियस के बीच मापा गया, जबकि जयपुर, अलवर, सीकर, पिलानी और कोटा में अधिकतम तापमान करीब 32 डिग्री सेल्सियस रहा।

रात का तापमान जोधपुर में 17.5, चूरू में 17.3, उदयपुर में 17.4, पिलानी में 16, सीकर में 15, अजमेर में 16.3, जयपुर में 19.2, अलवर में 17.8, भीलवाड़ा में 17.4, बाड़मेर में 20.2 और जैसलमेर में 20.5 डिग्री सेल्सियस मापा गया।

मौसम केंद्र जयपुर के अनुसार, अगले कुछ दिनों तक मौसम में ज्यादा बदलाव की संभावना नहीं है, लेकिन दीपावली के बाद उत्तर भारत में हुई बर्फबारी का असर राजस्थान में और गहराएगा। फिलहाल बीकानेर, श्रीगंगानगर, हनुमानगढ़, चूरू, झुंझुनूं और सीकर में सुबह-शाम सर्द हवाओं के कारण ठंडक तेज बनी हुई है।

—————

(Udaipur Kiran) / रोहित

Share

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *