Skip to content
Friday, 30 October 2026
BREAKING
HEADLINES

दिल्ली पुलिस में 9,248 पद खाली, कांस्टेबल और एसआई की ज्यादा कमी

दिल्ली पुलिस मुख्यालय की फोटो

नई दिल्ली, 17 दिसंबर (Udaipur Kiran) । दिल्ली पुलिस में कांस्टेबल से लेकर डीसीपी तक विभिन्न रैंकों पर कुल 9,248 पद खाली पड़े हैं। यह जानकारी गृह मंत्रालय ने बुधवार को राज्य सभा में एक प्रश्न के लिखित उत्तर में दी।

गृह राज्य मंत्री नित्यानंद राय ने बताया कि 30 नवंबर 2025 तक दिल्ली पुलिस की कुल स्वीकृत संख्या 92,044 है, जिसके मुकाबले हजारों पद अब भी रिक्त हैं।

आंकड़ों के अनुसार सबसे ज्यादा रिक्तियां कांस्टेबल स्तर पर हैं, जहां 50,946 स्वीकृत पदों में से 4,591 पद खाली हैं। इसके बाद हेड कांस्टेबल के 3,057 और सब-इंस्पेक्टर के 1,039 पद रिक्त हैं। असिस्टेंट सब-इंस्पेक्टर के 300 और इंस्पेक्टर के 108 पद भी खाली चल रहे हैं। वहीं, अधिकारी स्तर पर एसीपी के 125 और डीसीपी/अपर डीसीपी के 13 पदों पर नियुक्ति नहीं हो सकी है।

मंत्री ने स्पष्ट किया कि पुलिस बल में रिक्तियों की स्थिति एक गतिशील प्रक्रिया है, जो सेवानिवृत्ति, पदोन्नति और इस्तीफे जैसे कारणों से समय-समय पर बदलती रहती है। उन्होंने कहा कि इन पदों को भरने की प्रक्रिया लगातार जारी है और रिक्तियों की जानकारी नियमित रूप से भर्ती एजेंसियों को भेजी जाती है।

गृह मंत्रालय के अनुसार लिखित परीक्षा, शारीरिक दक्षता परीक्षण और चिकित्सीय जांच जैसी प्रक्रियाओं के पूरा होने के बाद ही नियुक्तियां की जाती हैं। सरकार ने भरोसा दिलाया कि सभी रिक्त पदों को तय प्रक्रिया के तहत जल्द भरने के प्रयास किए जा रहे हैं।

—————

(Udaipur Kiran) / सुशील कुमार

Share

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *