गुलदार व भालू की चहलकदमी से ग्रामीणों में बनी है दहशत

पौड़ी गढ़वाल, 24 दिसंबर (Udaipur Kiran) । ग्राम सभा ढांढरी में गुलदार के बाद अब भालू की दहशत से ग्रामीण परेशान है। ग्रामीणों का कहना है कि गांव के आसपास लगातार गुलदार के साथ ही भालू की चहलकदमी दिख रही है। ग्रामीणों ने डीएफओ को ज्ञापन देकर जल्द ही वन्यजीवों के आतंक से निजात दिलाने की मांग उठाई है।
बुधवार को गढ़वाल वन प्रभाग के नागदेव पौड़ी रेंज के ढांढरी, चंदोला रांई, गडोली, थली, रेवड़ी, भिताई गांव के ग्रामीणों ने डीएफओ को ज्ञापन दिया। इस दौरान ग्रामीणों ने कहा कि बीते 21 नंवबर को ग्रामसभा ढांढरी में गुलदार ने एक महिला को हमला कर घायल कर दिया था। जिसके बाद से क्षेत्र में गुलदार की दहशत बनी हुई है। विभाग ने यहां पर गुलदार को कैद करने के लिए पिंजरे भी लगाए लेकिन आज तक गुलदार पिंजरे में कैद नहीं हो पाया है। कहा कि अब चंदोला रांई के निकट दो भालूओं की चहलकदमी दिखाई दे रही है। भालूओं ने यहां 100 से अधिक बांज के पेड़ों को नुकसान पहुंचा दिया है। कहा कि गडोली से लेकर रेवड़ी गांव तक भालू व गुलदार की चहलकदमी दिनप्रतिदिन बढ़ती जा रही है। जिससे ग्रामीण दहशत में जीने को मजबूर है।
उन्होंने डीएफओ से जल्द वन्यजीवों के आतंक से निजात दिलाने के लिए ठोस कदम उठाने की मांग की। डीएफओ महातिम यादव ने ग्रामीणों को हरसंभव मदद का आश्वासन दिया। इस मौके पर विनोद दनोशी, गौरव चंदोला, विकास भंडारी, शुभम, प्रमोद आदि शामिल थे।
(Udaipur Kiran) / कर्ण सिंह



