पूछताछ से बचने के लिए थाने में चोर ने किया सुसाइड का नाटक

जोधपुर, 24 दिसम्बर (Udaipur Kiran) । शेरगढ़ थाना क्षेत्र में पुलिस पूछताछ से बचने के लिए चोरी के आरोपी ने सुसाइड का नाटक किया। उसने टॉयलेट जाने के बहाने बल्ब के टुकड़ों से गले पर कट लगा लिया। हालांकि उसकी हालत ठीक है।
थानाधिकारी बुद्धाराम ने बताया कि पुलिस ने चोरी के मामले में रायसर निवासी शातिर चोर मगाराम पुत्र जेताराम को गिरफ्तार किया था। आरोपी के खिलाफ पूर्व में भी कई मुकदमे दर्ज हैं। पूछताछ से बचने के इरादे से आरोपी ने थाने में आत्महत्या का नाटक किया। दोपहर के समय आरोपी टॉयलेट जाने के बहाने गया। वहां लगे बिजली बल्ब को तोडक़र उसके टुकड़ों से अपने गले के पास कट लगा लिए। उसका उद्देश्य पुलिस को डराकर सख्त पूछताछ से बचना था। कुछ समय तक टॉयलेट का दरवाजा नहीं खुलने पर पुलिस कर्मियों ने आवाज दी, लेकिन अंदर से कोई जवाब नहीं मिला। इसके बाद पुलिस ने दरवाजा तोडक़र आरोपी को बाहर निकाला।थाना स्टाफ ने तुरंत उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाकर प्राथमिक उपचार करवाया। डॉक्टरों ने उसके गले पर लगे कटों की मरहम-पट्टी की। बाद में आरोपी को मथुरादास माथुर अस्पताल ले जाया गया। वहां संपूर्ण चिकित्सकीय जांच के बाद उसकी हालत सामान्य पाई गई। उपचार के बाद उसे वापस जोधपुर से शेरगढ़ थाने लाया गया है।
(Udaipur Kiran) / सतीश



