Skip to content
Thursday, 29 October 2026
BREAKING
HimachalPradesh

सीयू में यंग लीडर्स डायलॉग 2026 के अंतर्गत तीसरे चरण की राज्य स्तरीय प्रतियोगिता आयोजित

केंद्रीय विश्वविद्यालय में आयोजित कार्यक्रम के दौरान कुलपति और प्रतिभागी।

धर्मशाला, 30 दिसंबर (Udaipur Kiran) । विकसित भारत 2047 के राष्ट्रीय विज़न को साकार करने की दिशा में युवाओं की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने हेतु आयोजित यंग लीडर्स डायलॉग 2026 के अंतर्गत तीसरे चरण की राज्य स्तरीय पीपीटी प्रतियोगिता का आयोजन हिमाचल प्रदेश केंद्रीय विश्वविद्यालय, धर्मशाला में किया गया। इस अवसर पर प्रदेश के विभिन्न जिलों से चयनित 240 शिक्षार्थियों ने सहभागिता की। प्रतियोगिता में प्रतिभागी विद्यार्थियों को विश्वविद्यालय के कुलपति आचार्य सत प्रकाश बंसल ने अपने संबोधन में कहा कि यंग लीडर्स डायलॉग केवल एक प्रतियोगिता नहीं अपितु युवा नेतृत्व के निर्माण की प्रयोगशाला है जहां विचार-दृष्टि और नवाचार का समन्वय होता है। उन्होंने प्रतियोगिता के 10 प्रमुख ट्रैकों को क्रमबद्ध एवं व्यावहारिक उदाहरणों के साथ समझाते हुए युवाओं को भविष्य की चुनौतियों और अवसरों के प्रति सजग किया।

कुलपति ने विशेष रूप से ब्रेन और माइंड के संतुलन पर बल देते हुए कहा कि आज का युवा यदि केवल तकनीकी दक्षता तक सीमित रहेगा तो विकास अधूरा रह जाएगा। इसके लिए संवेदनशील मन, नैतिक विवेक और सामाजिक चेतना का होना उतना ही आवश्यक है। उन्होंने बताया कि उद्यमिता और स्टार्ट-अप संस्कृति केवल आर्थिक सशक्तिकरण का माध्यम नहीं रोजगार सृजन, स्थानीय नवाचार और आत्मनिर्भर भारत की आधारशिला है।

कुलपति ने कहा कि नवाचार एवं शोध को विकसित भारत की रीढ़ बताते हुए कहा कि विश्वविद्यालयों और युवाओं की भूमिका केवल ज्ञान उपार्जन तक सीमित न होकर समस्या-आधारित शोध और समाधान-केंद्रित सोच तक विस्तृत होनी चाहिए। आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) पर चर्चा करते हुए उन्होंने कहा कि यह तकनीक भविष्य का मार्ग प्रशस्त कर रही है, किंतु इसके उपयोग में मानवीय मूल्य, नैतिकता और सामाजिक उत्तरदायित्व सर्वोपरि होने चाहिए।

उल्लेखनीय है कि इस वर्ष भी हिमाचल प्रदेश केंद्रीय विश्वविद्यालय, धर्मशाला को यंग लीडर्स डायलॉग -2026 के राज्य समन्वयक की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी गई है। प्रतियोगिता के माध्यम से चयनित विद्यार्थी 12 जनवरी को भारत मंडपम, नई दिल्ली में आयोजित राष्ट्रीय स्तर के कार्यक्रम में भाग लेकर देशभर के युवाओं के बीच अपनी प्रतिभा, नवाचार और विचारशील दृष्टि का परिचय देंगे, जिससे प्रदेश और विश्वविद्यालय को राष्ट्रीय मंच पर गौरव प्राप्त होगा।

(Udaipur Kiran) / सतेंद्र धलारिया

Share

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *