Skip to content
Friday, 30 October 2026
BREAKING
HIMACHAL PRADESH

हिमाचल में तीन दिन भारी बारिश, ओलावृष्टि और आंधी का येलो-ओरेंज अलर्ट, तापमान गिरा

शिमला में मौसम

शिमला, 02 अक्टूबर (Udaipur Kiran News) । हिमाचल प्रदेश में मौसम एक बार फिर करवट लेने जा रहा है। मौसम विज्ञान केंद्र शिमला ने 5 से 7 अक्तूबर तक लगातार तीन दिन प्रदेश के अधिकांश जिलों में भारी से बहुत भारी बारिश, ओलावृष्टि, आंधी और बिजली गिरने की चेतावनी जारी की है। इस दौरान कई स्थानों के लिए येलो और ओरेंज अलर्ट जारी किया गया है। मौसम विभाग के अनुसार 4 अक्तूबर तक प्रदेश में ज्यादातर इलाकों में मौसम साफ रहने और धूप खिलने की संभावना है, हालांकि कुछ मैदानी भागो में हल्की वर्षा हो सकती है। इसके बाद पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होते ही 5 अक्तूबर से पूरे प्रदेश में मौसम बिगड़ जाएगा।

5 अक्तूबर को ऊना, बिलासपुर, हमीरपुर, चम्बा, कांगड़ा, सोलन और सिरमौर जिलों में ओलावृष्टि, बिजली गिरने और 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से आंधी चलने की संभावना जताई गई है। 6 अक्तूबर को मौसम के सबसे ज्यादा कड़े तेवर देखने को मिलेंगे। इस दिन भारी से बहुत भारी बारिश, ओलावृष्टि और तेज आंधी का अनुमान है, जिसको लेकर ओरेंज अलर्ट जारी किया गया है। 7 अक्तूबर को भी बारिश और ओलावृष्टि का दौर जारी रहेगा और मौसम विभाग ने इस दिन के लिए येलो अलर्ट रखा है। लगातार तीन दिन की खराब मौसम की स्थिति से पहाड़ी इलाकों में तापमान में गिरावट आएगी और मौसम सर्द हो जाएगा।

मौसम विभाग के अनुसार राज्य में औसतन न्यूनतम तापमान में 0.6 डिग्री की गिरावट दर्ज की गई है। जनजातीय क्षेत्र ताबो में गुरूवार को न्यूनतम तापमान सबसे कम 4.3 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड हुआ। शिमला में न्यूनतम तापमान 14.6 डिग्री, सुंदरनगर में 18.8, ऊना में 19.2, भुंतर में 16.4, धर्मशाला में 16.6, नाहन में 20.3, सोलन में 16.7, मनाली में 13.1, कांगड़ा में 18.8, मंडी में 19.6, बिलासपुर में 20.6, हमीरपुर में 18.7, जुब्बड़हट्टी में 17.8, कुफ़री में 13.7, कल्पा में 8.4 और कुकुमसेरी में 7.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

राजधानी शिमला में गुरूवार को हल्के बादलों के बीच मौसम सुहावना बना रहा, जबकि बीती रात शिमला जिला के रोहड़ू में 5 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई। मौसम विभाग ने लोगों को आने वाले दिनों में सतर्क और सावधान रहने की सलाह दी है।

—————

(Udaipur Kiran) / उज्जवल शर्मा

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *