Skip to content
Sunday, 1 November 2026
BREAKING
WEST BENGAL

तेज रफ्तार कार की चपेट में आए लोग, तीन की मौत और सात घायल

Accident

जलपाईगुड़ी, 03 अक्टूबर (Udaipur Kiran News) । दुर्गा पूजा के दौरान दशमी की रात जलपाईगुड़ी जिले में एक दर्दनाक हादसा हो गया। धूपगुड़ी से मयनागुड़ी जाने वाले एशियन हाईवे-चार पर पुल नंबर-दो के पास एक तेज रफ्तार कार अचानक बेकाबू होकर सड़क किनारे खड़े लोगों को रौंदते हुए एक दुकान में घुस गई। इस घटना में तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि सात लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।

पुलिस सूत्रों के मुताबिक, घटना के समय लोग पूजा पंडालों में दर्शन और प्रतिमा विसर्जन के लिए निकले हुए थे। उसी दौरान एक तेज रफ्तार एसयूवी ने सड़क किनारे कतार में खड़े श्रद्धालुओं को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे के बाद लोग इधर-उधर गिर पड़े और इलाके में अफ़रा-तफ़री मच गई।

घटना के तुरंत बाद स्थानीय लोगों ने राहत और बचाव कार्य शुरू किया और घायलों को नजदीकी अस्पताल पहुंचाया। पुलिस अधिकारियों ने भी मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है।

पुलिस का अनुमान है कि कार चालक ने वाहन से नियंत्रण खो दिया था, जिसके कारण यह बड़ा हादसा हुआ। हादसे के बाद चालक मौके से फरार हो गया। जलपाईगुड़ी जिला पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने शुक्रवार सुबह बताया कि मृतकों की संख्या तीन है और लगभग सात लोग घायल हुए हैं। सभी का इलाज अस्पताल में चल रहा है।

पुलिस ने मामले में प्राथमिकी दर्ज कर ली है और फरार चालक की तलाश शुरू कर दी गई है। इस घटना से पूरे इलाके में दहशत फैल गई है।

(Udaipur Kiran) / ओम पराशर

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *