Skip to content
Thursday, 29 October 2026
BREAKING
CHHATTISGARH

नव वर्ष पर जांजगीर-चांपा जिले में चाक-चौबंद सुरक्षा व्यवस्था, प्रमुख पर्यटन स्थलों व बाजारों में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात

नव वर्ष पर जांजगीर-चांपा जिले में चाक-चौबंद सुरक्षा व्यवस्था, प्रमुख पर्यटन स्थलों व बाजारों में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात

कोरबा/जांजगीर-चांपा, 30 दिसंबर (Udaipur Kiran) । नव वर्ष के अवसर पर जिले में शांति, कानून व्यवस्था एवं नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए जांजगीर-चांपा पुलिस द्वारा व्यापक सुरक्षा प्रबंध किए गए हैं। पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पाण्डेय के निर्देशन में 31 दिसंबर 2025 की संध्या से ही जिले के सभी प्रमुख स्थानों, बाजारों, पर्यटन स्थलों, धार्मिक स्थलों एवं भीड़-भाड़ वाले क्षेत्रों में अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की जा रही है।

पुलिस प्रशासन द्वारा जिले के प्रमुख पर्यटन एवं पिकनिक स्थलों जैसे केराझरिया, कुदरी बैराज, देवरी चिचोली, डोंगाघाट चांपा, कोटमीसोनार, शिवरीनारायण, नैला तथा खोखरा पीथमपुर सहित अन्य संवेदनशील स्थानों पर पुलिस बल तैनात किया जाएगा। इसके साथ ही जिले के सभी थाना एवं चौकी क्षेत्रों के अंतर्गत चौक-चौराहों और भीड़-भाड़ वाले स्थानों पर फिक्स पॉइंट ड्यूटी लगाई जाएगी, ताकि किसी भी प्रकार की अप्रिय घटना को रोका जा सके।

नव वर्ष की पूर्व संध्या पर शराब पीकर वाहन चलाने, तेज गति से वाहन चलाने, स्टंटबाजी, हुड़दंग करने, सड़क पर केक काटने एवं तेज डीजे बजाने वालों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं। यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए ट्रैफिक पुलिस की विशेष तैनाती की गई है तथा आवश्यकता पड़ने पर मार्ग परिवर्तन भी लागू किए जाएंगे। जिले में लगे सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से भी लगातार निगरानी रखी जाएगी।

संवेदनशील क्षेत्रों में विशेष सतर्कता बरती जा रही है और लगातार पेट्रोलिंग की व्यवस्था की गई है। महिला सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए महिला पुलिस बल एवं विशेष रिस्पॉन्स टीमों की भी तैनाती की गई है। किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए पुलिस कंट्रोल रूम और डायल 112 को सक्रिय रखा गया है।

पुलिस प्रशासन ने आम नागरिकों से अपील की है कि वे कानून व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करें, अफवाहों पर ध्यान न दें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल नजदीकी पुलिस थाना, कंट्रोल रूम या मोबाइल नंबर 94791-93199 पर दें। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी। प्रशासन की अपील है कि सभी नागरिक जिम्मेदारी के साथ नव वर्ष का स्वागत करें, ताकि नया साल सुरक्षित, शांतिपूर्ण और खुशहाल वातावरण में मनाया जा सके।

(Udaipur Kiran) / हरीश तिवारी

Share

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *