Skip to content
Wednesday, 28 October 2026
BREAKING
CHHATTISGARH

उत्कृष्ट खिलाड़ी की पहचान बनाने हेतु स्वस्थ प्रतिस्पर्धा व खेल की भावना का होना आवश्यक : महापौर

उत्कृष्ट खिलाड़ी की पहचान बनाने हेतु स्वस्थ प्रतिस्पर्धा व खेल की भावना का होना आवश्यक - महापौर

महापौर संजूदेवी राजपूत ने किया जिला स्तरीय युवा एवं महिला खेल महोत्सव का भव्य शुभारंभ

कोरबा 19 दिसम्बर (Udaipur Kiran) । महापौर संजूदेवी राजपूत ने कहा कि खेलों में सफलता प्राप्त करने व एक उत्कृष्ट खिलाड़ी के रूप में अपनी पहचान बनाने के लिए प्रतिभागियों में स्वस्थ प्रतिस्पर्धा एवं खेल की भावना का होना अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने कहा कि खेल हमारे जीवन का एक महत्वपूर्ण विषय है, खेलकूद एक ओर जहाॅं हमारे स्वास्थ्य के लिए जरूरी है, वहीं दूसरी ओर खेलों से हमारे व्यक्तित्व का भी विकास होता है। खेल प्रतियोगिताओं के आयोजन से खिलाड़ियों को अपनी खेल प्रतिभा सामने लाने के अवसर प्राप्त होते हैं, अतः समय-समय पर खेल प्रतियोगिताओं का आयोजन होना आवश्यक है।

महापौर संजूदेवी राजपूत ने आज शुक्रवार को जिलास्तरीय युवा एवं महिला खेल महोत्सव आयोजन कार्यक्रम के मुख्य अतिथि की आसंदी से व्यक्त किए। उल्लेखनीय है कि छत्तीसगढ़ रजत महोत्सव 2025 के उपलक्ष्य में कोरबा में जिलास्तरीय युवा महोत्सव 2025 एवं महिला खेल प्रतियोगिता का भव्य आयोजन किया जा रहा है, जिसका शुभारंभ महापौर संजूदेवी राजपूत के द्वारा आज किया गया। यह आयोजन जिला प्रशासन एवं खेल युवा कल्याण विभाग के संयुक्त तत्वावधान में विद्युतगृह उच्चतर माध्यमिक विद्यालय कोरबा परिसर में सम्पन्न हो रहा है। कार्यक्रम में जिलेभर से आए युवाओं एवं महिलाओं की उत्साहपूर्ण भागीदारी देखने को मिल रही है, जिससे पूरे परिसर में खेलों के प्रति उत्साह व खेल प्रतिस्पर्धा का वातावरण बना हुआ है। आयोजन की मुख्य अतिथि के रूप में अपनी उपस्थिति प्रदान करते हुए महापौर संजूदेवी राजपूत ने आयोजन का शुभारंभ कराया तथा आयोजन में भाग लेने वाले प्रतिभागियों को अपनी शुभकामनाएं दी।

इस मौके पर महापौर ने दिए गए अपने उद्बोधन में कहा कि खेल एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम युवाओं, विद्यार्थियों व महिलाओं को आगे बढ़ने के लिए अपनी प्रतिभाओं को सामने लाने के लिए एक सशक्त माध्यम होते हैं तथा उन्हें एक सुव्यवस्थित मंच प्राप्त होता है, उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ की संस्कृति और सभ्यता हमारे सांस्कृतिक कार्यक्रमों में समाहित है, वहीं खेल न केवल हमें अच्छा स्वास्थ्य प्रदान करते हैं बल्कि प्रदेश व देश में अपनी खेल प्रतिभा को सामने लाकर सम्मान अर्जित करने का अवसर भी प्रदान करते हैं। महापौर ने कहा कि प्रदेश के यशस्वी मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के मार्गदर्शन में राज्य सरकार खेलों के विकास व इस हेतु बेहतर सुविधाएं मुहैया कराने के लिए कृतसंकल्पित हैं तो वहीं कोरबा विधायक व प्रदेश के उद्योग मंत्री लखनलाल देवांगन के मार्गदर्शन में कोरबा जिले के स्थानीय खिलाड़ियों को बेहतर सुविधाएं व मंच उपलब्ध कराने हेतु प्रशासन लगातार काम कर रहा है। आयोजन में निगम के सभापति नूतन सिंह ठाकुर, एम.आई.सी.सदस्य श्रीमती धनकुमारी गर्ग, पूर्व पार्षद सुशील गर्ग, खेल विभाग से सहायक खेल अधिकारी रामकृपाल साहू, निगम सचिव रामेश्वर सिंह कंवर आदि के साथ काफी संख्या में नागरिकगण उपस्थित थे।

विधाओं का प्रदर्शन

आयोजित किए जा रहे महोत्सव के अंतर्गत युवाओं की सांस्कृतिक एवं बौद्धिक प्रतिभाओं को मंच प्रदान करने के उद्देश्य से लोकनृत्य, पंथनृत्य, राऊतनाचा जैसी पारंपरिक विधाओं के साथ-साथ वाद-विवाद प्रतियोगिता, कहानी लेखन, चित्रकला, कविता लेखन, विज्ञान मेला एवं भाषण प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया है, इन कार्यक्रमों में प्रतिभागियों ने अपनी रचनात्मकता, विचारशीलता और सांस्कृतिक विरासत का प्रभावशाली प्रदर्शन किया है।

खेल प्रतियोगिताओं का आयोजन

इसी प्रकार खेल महोत्सव के दौरान विभिन्न खेल प्रतियोगिताएं यथा वालीबाल, खो-खो, 100 मीटर से 400 मीटर तक की दौड़, वेटलिफ्टिंग, रस्साकसी, बैडमिंटन, जैसी रोमांचक स्पर्धाएं शामिल हैं, महिला खिलाड़ियों ने विशेष उत्साह के साथ प्रतियोगिताओं में हिस्सा लेते हुए खेल भावना और आत्मविश्वास के साथ स्वस्थ प्रतिस्पर्धा का परिचय दिया।

(Udaipur Kiran) /हरीश तिवारी

—————

(Udaipur Kiran) / हरीश तिवारी

Share

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *