Skip to content
Thursday, 29 October 2026
BREAKING
RAJASTHAN

ट्रेलर व ट्रक में भीषण भिड़ंत के बाद लगी आग : ट्रेलर चालक जिंदा जला

jodhpur

जोधपुर, 22 दिसम्बर (Udaipur Kiran) । ओसियां थाना क्षेत्र के गगाड़ी इलाके में रतन नगर और चंडालिया गांव के बीच भारतमाला हाईवे पर रविवार देर रात एक दर्दनाक सडक़ हादसा हो गया। मूंगफली से लदा ट्रक और टाइल्स बनाने वाली मिट्टी से भरा ट्रेलर आपस में टकरा गए, जिसके बाद दोनों वाहनों में आग लग गई। इस हादसे में ट्रेलर का चालक जिंदा जल गया।

थानाधिकारी राजेंद्र चौधरी ने बताया कि पंजाब से गुजरात जा रहा ट्रेलर रात करीब 10 बजे हाईवे पर पहुंचा था। आगे चल रहे मूंगफली से भरे ट्रक से टकराने के बाद ट्रेलर अनियंत्रित होकर डिवाइडर से जा भिड़ा। टक्कर के बाद ट्रेलर के केबिन में तुरंत आग लग गई और लपटें भडक़ उठीं।

चालक केबिन में ही फंस गया और जिंदा जल गया। आग इतनी तेजी से फैली कि मूंगफली से लदा ट्रक भी चपेट में आ गया। मूंगफली के जलने से आग और विकराल हो गई, जिसे बुझाने में रात एक बजे तक समय लग गया। थानाधिकारी ने बताया कि मृतक ट्रेलर चालक की पहचान जांगलू पुलिस थाना पांचू कोलायत निवासी अख्तर अली (25) पुत्र बुधे खां के तौर पर हो पाई है।

तीस किमी दूर से आई दमकल

आग लगने के बाद स्थानीय ग्रामीण मौके पर पहुंचे और निजी ट्यूबवेलों से पानी लाकर आग बुझाने की कोशिश की, लेकिन उन्हें सफलता नहीं मिली। करीब एक घंटे बाद 30 किलोमीटर दूर ओसियां से दमकल वाहन मौके पर पहुंचा, लेकिन उसमें भी पानी सीमित मात्रा में था। हादसे के दौरान ट्रक चालक सतर्क रहा और पीछे आग लगने का पता चलते ही वाहन से कूदकर बाहर निकल आया, जिससे उसकी जान बच गई।

आग बुझाने में सरकारी दमकल देरी से पहुंची, लेकिन इससे पहले आसपास के ग्रामीणों ने अपनी पानी की टैंकरें लेकर पहुंचकर आग पर काबू पाने की कोशिश की। इस दौरान हाईवे पर यातायात डायवर्ट करना पड़ा। इस हादसे के कारण भारतमाला एक्सप्रेस वे पर दोनों ओर करीब 7-8 किलोमीटर लंबा जाम लग गया। ओसियां थाना पुलिस मौके पर पहुंची और यातायात को डायवर्ट कर वैकल्पिक मार्ग से निकाला। पुलिस के अनुसार, दुर्घटना के कारणों की जांच जारी है।

(Udaipur Kiran) / सतीश

Share

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *