रियासी में बलिदान दिवस पर वीर जवानों को दी गई श्रद्धांजलि
जम्मू,, 21 अक्टूबर (Udaipur Kiran News) ।
रियासी जिला पुलिस लाइन में मंगलवार को आयोजित बलिदान दिवस कार्यक्रम में देश की रक्षा और जनता की सेवा में अपने प्राण न्यौछावर करने वाले वीर जवानों को श्रद्धांजलि दी गई। कार्यक्रम में स्थानीय विधायक कुलदीप राज दुबे और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक परमवीर सिंह विशेष रूप से उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के दौरान पुलिस अधिकारियों, जवानों, शहीदों के परिजनों और अन्य नागरिकों ने बलिदान स्मारक पर पुष्प अर्पित कर वीर बलिदानियों को नमन किया। इस मौके पर एसएसपी परमवीर सिंह ने इस वर्ष शहीद हुए पुलिसकर्मियों के नाम पढ़कर सुनाए और उनके अदम्य साहस को सलाम किया।
अधिकारियों ने कहा कि बलिदानियों का साहस और देशभक्ति आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणास्रोत बनी रहेगी। समारोह में शहीद पुलिसकर्मियों के परिजनों को सम्मानित भी किया गया।
गौरतलब है कि 21 अक्टूबर को देशभर में पुलिस स्मृति दिवस या बलिदान दिवस के रूप में मनाया जाता है, जो 1959 में लद्दाख के हॉट स्प्रिंग्स में चीनी सेना के हमले में शहीद हुए 10 भारतीय पुलिस जवानों की याद में समर्पित है।
—————
(Udaipur Kiran) / अश्वनी गुप्ता



