हिसार : धीरणवास गुरुकुल में काकोरी कांड के शहीदों को श्रद्धांजलि

हिसार, 19 दिसंबर (Udaipur Kiran) । धीरणवास के गुरुकुल में काकोरी कांड के शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित करने के लिए कार्यक्रम किया गया। यह कार्यक्रम आजाद हिन्द युवा क्लब गांव किरतान एवं धीरणवास गुरुकुल के सहयोग से किया गया। कार्यक्रम में शहीदों के चित्र पर फूल माला अर्पित कर श्रद्धांजलि दी गई। मुख्य वक्ता किरतान से वैदिक प्रवक्ता आचार्य देवदत्त शास्त्री थे। उन्होंने काकोरी कांड में देशभक्तों को दी गई फांसी के बारे में बताया। उन्होंने शुक्रवार काे कहा कि किस प्रकार अंग्रेजी सरकार ने झूठे मुकदमे बनाकर देश के चार वीरों को फांसी दे दी। देश को आजाद करवाने के लिए राम प्रसाद बिस्मिल, अशफाक उल्ला खान, ठाकुर रोशन सिंह और राजेंद्र सिंह लहरी देशभक्तों ने हथियार, गोला बारूद खरीदने के लिए सोचा। धन की आवश्यकता होने पर उन्होंने सोचा जो इस देश का धन अंग्रेज लूटकर इंग्लैंड ले जा रहे हैं क्यों न उसे रोककर देश की स्वतंत्रता के लिए काम करें और अंग्रेजों को देश से बाहर करें। इसका पता चलने पर अंग्रेजों द्वारा रामप्रसाद बिस्मिल, अशफाक उल्ला खान, ठाकुर रोशन सिंह, राजेंद्र सिंह लहरी को फांसी दे दी गई और शेष को सजा दी गई। फांसी पर चढ़ने वाले शहीदों का देश से अंग्रेजों को बाहर करने का सपना अधूरा रह गया।
(Udaipur Kiran) / राजेश्वर



