तुलसी लोगों की आस्था और आध्यात्मिक चेतना का प्रतीक: प्रशांत अग्रवाल

उदयपुर में ‘अपनों से अपनी बात’ कार्यक्रम में सुनाई गई तुलसी विवाह की कथा
उदयपुर, 21 नवंबर: नारायण सेवा संस्थान के अध्यक्ष प्रशांत अग्रवाल की मौजूदगी में उदयपुर के सेवा तीर्थ स्थित ‘वर्ल्ड ऑफ ह्यूमैनिटी’ परिसर में ‘अपनों से अपनी बात’ कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम के दौरान प्रशांत अग्रवाल ने तुलसी विवाह से जुड़ी कई पौराणिक कथाएं सुनाईं और इसके धार्मिक और आध्यात्मिक महत्व के बारे में बताया।
लोगों को संबोधित करते हुए प्रशांत अग्रवाल ने कहा कि भारतीय संस्कृति के त्योहार और परंपराएं हमें जीवन के जरूरी मूल्य सिखाते हैं। उन्होंने कहा कि तुलसी सिर्फ एक पौधा नहीं, बल्कि लोगों की आस्था और आध्यात्मिक चेतना का प्रतीक है।
उन्होंने आगे कहा कि तुलसी विवाह का पर्व भक्ति, समर्पण और अटूट विश्वास का संदेश देता है।
वृंदा और जलंधर की कथा
अग्रवाल ने वृंदा और जलंधर की कथा सुनाते हुए बताया कि वृंदा की अपने पति के प्रति भक्ति और निष्ठा ही उनकी आध्यात्मिक शक्ति का सबसे बड़ा जरिया थी।
पौराणिक कथा के अनुसार, वृंदा के श्राप की वजह से भगवान विष्णु की पूजा शालिग्राम के रूप में की जाने लगी, जबकि वृंदा तुलसी के पौधे के रूप में स्थापित हुईं।
यही वजह है कि भगवान विष्णु की पूजा में तुलसी के पत्तों का खास महत्व होता है।
देवउठनी एकादशी और चातुर्मास का महत्व
अग्रवाल ने देवउठनी एकादशी और चातुर्मास से जुड़ी परंपराओं की जानकारी दी और उनके धार्मिक महत्व पर चर्चा की।
इस कार्यक्रम में सैकड़ों श्रद्धालु और दिव्यांगजन शामिल हुए।
तुलसी लोगों की आस्था और आध्यात्मिक चेतना का प्रतीक: प्रशांत अग्रवाल



