Skip to content
Sunday, 1 November 2026
BREAKING
HEADLINES

भारत-पाकिस्तान सीमा के पास दो एके 47 राइफलें बरामद

भारत पाक सीमा से बरामद हथियार

– प्रारंभिक जांच के अनुसार हथियार पाकिस्तान से आए थे : डीजीपी गौरव यादव

चंडीगढ़, 13 अक्टूबर (Udaipur Kiran News) । त्योहारों के दौरान चलाए जा रहे विशेष चेकिंग अभियान के दौरान पंजाब पुलिस के स्टेट स्पेशल ऑपरेशन सेल (एसएसओसी), अमृतसर ने सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) के साथ संयुक्त अभियान में तरनतारन के खेमेंकरण क्षेत्र के भारत-पाकिस्तान सीमा के नजदीक से दो ए.के.-47 राइफल सहित तीन हथियारों का जखीरा बरामद किया है। बरामद किए गए हथियारों के इस जखीरे में एक पी एक्स 5 स्टॉर्म पिस्तौल, ए के-47 की मैगज़ीन और कारतूस भी शामिल हैं।

पंजाब पुलिस के महानिदेशक गौरव यादव ने सोमवार की रात को बताया कि प्रारंभिक जांच से यह स्पष्ट हुआ है कि ये हथियार पाकिस्तान से आए थे। उन्होंने कहा कि तस्करों की पहचान करने और इस तस्करी नेटवर्क के पीछे के लोगों व संबंधों का खुलासा करने के लिए आगे की जांच जारी है ताकि पूरे नेटवर्क का पर्दाफाश किया जा सके।

एआईजी एसएसओसी अमृतसर सुखमिंदर सिंह मान ने जानकारी दी कि बीएसएफ अधिकारियों को खेमकरण सेक्टर के अंतर्गत भारत-पाकिस्तान सीमा पर गांव महिदीपुर के पास सीमा पार से हथियारों की एक खेप आने संबंधी पुख्ता सूचना मिली थी। इस पर त्वरित कार्रवाई करते हुए एसएसओसी अमृतसर ने बीएसएफ के साथ समन्वय कर गांव महिदीपुर क्षेत्र में तलाशी अभियान चलाया, जिसके दौरान हथियारों की यह खेप बरामद की गई।

उन्होंने बताया कि बरामद हथियारों के स्रोत की जांच की जा रही है तथा इस अपराध में शामिल दोषियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार करने के लिए आगे की जांच जारी है।

—————

(Udaipur Kiran) शर्मा

Share

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *