Skip to content
Sunday, 1 November 2026
BREAKING
PUNJAB

अमृतसर में सात पिस्तौलों समेत दो हथियार तस्कर पकड़े गए

अमृतसर के पुलिस आयुक्त बरामद हथियाराें के बारे में जानकारी देते हुए

– सीमा पार से चल रहे तस्करी मॉड्यूल के लिए करते थे काम

चंडीगढ़, 01 दिसंबर (Udaipur Kiran) । अमृतसर कमिश्नरेट पुलिस ने पाकिस्तान से जुड़े एक सरहद-पार हथियार तस्करी मॉड्यूल के दो सदस्यों को सात आधुनिक पिस्तौलों, जिनमें तीन पीएक्स5 और चार .30 बोर की पिस्तौल के साथ गिरफ्तार कर इस मॉड्यूल का भंडाफोड़ किया है।

पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) गौरव यादव ने सोमवार को बताया कि अमृतसर के गांव भिंडी नैण निवासी बलविंदर सिंह (32) और गांव मुल्ला बैहराम, निवासी जुगराज सिंह उर्फ जग्गा (29) को गिरफ्तार किया गया है। दोनों आरोपित आपराधिक पृष्ठभूमि वाले हैं और इनके खिलाफ हत्या, आम्र्स एक्ट एवं एनडीपीएस एक्ट से संबंधित मामले दर्ज हैं। यह आरोपित पाकिस्तान-आधारित हैंडलर के निर्देशों पर काम कर रहे थे, जो व्हाट्सऐप के माध्यम से उनसे संपर्क करता था और अवैध हथियारों की सप्लाई के लिए पिकअप पॉइंट एवं डिलीवरी रूट तय करता था। डीजीपी ने बताया कि इस मामले के अगले-पिछले संबंध स्थापित करने के लिये आगे की जांच जारी है।

अमृतसर के पुलिस आयुक्त (सीपी) गुरप्रीत सिंह भुल्लर ने बताया कि गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुये छावनी क्षेत्र में नाकाबंदी के दौरान पुलिस टीम ने संदिग्ध बलविंदर सिंह को रोका और उसके कब्जे से पांच अवैध पिस्तौल बरामद किए। बलविंदर के खुलासे के आधार पर पुलिस ने छापा मार कर उसके साथी जुगराज सिंह उर्फ जग्गा को दो .30 बोर की पिस्तौलों सहित गिरफ्तार किया। सीपी ने बताया कि प्रारंभिक जांच से पता चला है कि दोनों आरोपित अंतरराष्ट्रीय सीमा के नजदीक रहते थे, जिसके कारण वे सरहद-पार तस्करी चेन में सक्रिय रूप से शामिल थे। उन्होंने बताया कि जांच में यह भी सामने आया है कि बलविंदर सिंह और जुगराज उर्फ जग्गा अमृतसर ग्रामीण सेक्टर में सक्रिय थे और तस्करी किए गए हथियारों की सप्लाई एवं वितरण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते थे।

—————

(Udaipur Kiran) शर्मा

Share

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *