Skip to content
Wednesday, 28 October 2026
BREAKING
MADHYA PRADESH

मप्र में ट्रेन से विस्फोटक लेकर जा रही महिला समेत दो गिरफ्तार, 400 डेटोनेटर बरामद

विस्फोट के साथ गिरफ्तार महिला-पुरुष

रीवा, 16 दिसंबर (Udaipur Kiran) । मध्य प्रदेश के रीवा जिले के डभौरा में पुलिस ने ट्रेन में अवैध विस्फोटक की एक बड़ी खेप पकड़ी है। सोमवार की रात पुलिस ने उत्तर प्रदेश से ट्रेन के जरिए विस्फोटक ला रहे एक पुरुष और एक महिला को गिरफ्तार किया है। इनके पास से 400 डेटोनेटर और केबल समेत अन्य सामग्री बरामद की गई है।

रीवा के पुलिस अधीक्षक शैलेंद्र सिंह चौहान ने मंगलवार को मामले का खुलासा करते हुए बताया कि ट्रेन में विस्फोटक की तस्करी की सूचना मिली थी। इसके बाद डभौरा थाना प्रभारी ऋषभ सिंह बघेल ने जाल बिछाया। आरोपित जैसे ही जनता एक्सप्रेस से डभौरा रेलवे स्टेशन उतरे और बाजार क्षेत्र में पहुंचे, पुलिस ने घेराबंदी कर उन्हें रोक लिया। तलाशी लेने पर उनके पास मौजूद दो थैलों में भारी मात्रा में विस्फोटक सामग्री मिली।

पकड़े गए आरोपितों की पहचान विनोद मांझी (निवासी सोहागी) और पूजा मांझी (निवासी छदेनी, जवा) के रूप में हुई है। पुलिस के मुताबिक दोनों उत्तर प्रदेश के मानिकपुर से यह खेप लेकर आए थे। शक है कि वे इस विस्फोटक का इस्तेमाल अवैध खनन या दूसरे गैरकानूनी कामों में करने वाले थे।

पुलिस का कहना है कि जो दो लोग पकड़े गए हैं, उनका कोई पुराना आपराधिक इतिहास नहीं है। इस विस्फोटक सामग्री का उपयोग वे खनिज उत्खनन के लिए करते थे। बाद में वे ट्रैक्टर के जरिए सप्लाई करते थे। ये छोटे तस्कर हैं, इनके पीछे कोई बड़ा मास्टरमाइंड हो सकता है, जिसका खुलासा होना अभी बाकी है।

डभौरा थाना प्रभारी ऋषभ सिंह बघेल ने बताया कि शुरुआती जांच में सामने आया है कि आरोपित यह विस्फोटक सामग्री क्षेत्र में अवैध रूप से बेचने के लिए लाए थे। पूछताछ में आरोपितों ने बताया कि वे विस्फोटक सामग्री अवैध खनन करने वालों को बेचते थे। अवैध खनन में डेटोनेटर का इस्तेमाल खनिज चट्टानों को तोड़ने के लिए किया जाता है, ताकि पत्थर या खनिज को आसानी से निकाला जा सके। आरोपितों के खिलाफ बीएनएस (भारतीय न्याय संहिता) की धाराओं में मामला दर्ज कर कार्रवाई की जा रही है।

पूछताछ में आरोपितों ने बताया कि वह विस्फोटक सामग्री की खेप मानिकपुर से लेकर आते थे। इसके बाद जनता एक्सप्रेस में सवार होकर डभौरा रेलवे स्टेशन पहुंचते थे। आरोपियों ने बताया कि वह अवैध खनन करने वाले लोगों को विस्फोटक सामग्री बेचते हैं। वे पहले भी इसी तरह से खेप ला चुके हैं। चालाकी से बच निकलते थे।

_________________

(Udaipur Kiran) तोमर

Share

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *