Skip to content
Sunday, 1 November 2026
BREAKING
WEST BENGAL

सांतरागाछी के पास ट्रेन के दो डिब्बे पटरी से उतरे, कोई हताहत नहीं

संतरागाछी में ट्रेन पटरी से उतरी

खड़गपुर/हावड़ा, 17 दिसंबर (Udaipur Kiran) । सांतरागाछी रेल क्षेत्र में मंगलवार रात एक बड़ा रेल हादसा टल गया। सांतरागाछी रेल यार्ड की ओर जा रही एक ट्रैक मेंटेनेंस ट्रेन के दो कोच अचानक पटरी से उतर गए। गनीमत रही कि ट्रेन की रफ्तार कम थी, जिससे कोई जान-माल का नुकसान नहीं हुआ। हालांकि, इस घटना के कारण रेल यातायात काफी देर तक प्रभावित रहा।

दक्षिण पूर्व रेलवे सूत्रों के मुताबिक, मंगलवार रात पद्मपुकुर स्टेशन से सांतरागाछी रेल यार्ड की ओर रवाना हुई ट्रैक मेंटेनेंस ट्रेन बाकसारा लेवल क्रॉसिंग के पास पहुंचते ही तकनीकी गड़बड़ी का शिकार हो गई। इसी दौरान ट्रेन के दो कोच पटरी से उतर गए। झटके के बाद ट्रेन अप लाइन पर ही रुक गई।

घटना के बाद शालीमार और सांतरागाछी स्टेशनों के बीच रेल परिचालन बाधित हो गया। इसका असर दक्षिण पूर्व रेलवे के खड़गपुर मंडल पर भी पड़ा। पहले से ही हावड़ा-खड़गपुर रेल मार्ग पर कई ट्रेनें देरी से चल रही थीं, ऐसे में इस घटना के बाद अप और डाउन दोनों लाइनों पर ट्रेनों को धीमी गति से चलाना पड़ा।

लाइनच्युत होने की सूचना मिलते ही रेलवे के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे। सांतरागाछी रेल यार्ड से दुर्घटना राहत ट्रेन भेजी गई और युद्धस्तर पर बहाली कार्य शुरू किया गया। देर रात तक प्रयास कर लाइन से उतरे कोचों को दोबारा पटरी पर चढ़ाया गया।

रेल अधिकारियों ने बताया कि ट्रेन की गति कम होने के कारण कोई बड़ा हादसा नहीं हुआ। दक्षिण पूर्व रेलवे के एक जनसंपर्क अधिकारी ने बताया कि बहाली कार्य पूरा होने के बाद हावड़ा-सांतरागाछी रेल मार्ग पर ट्रेन परिचालन कुल मिलाकर सामान्य कर दिया गया है।

—————

(Udaipur Kiran) / अभिमन्यु गुप्ता

Share

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *