
चित्तौड़गढ़. (Udaipur Kiran) . रेलवे द्वारा गोरखपुर-गोंडा रेलखण्ड पर गोरखपुर और डोमिनगढ़ स्टेशनों के बीच तीसरी रेल लाइन बिछाने और गोरखपुर-आनंदनगर रेलखण्ड पर गोरखपुर से नकहा जंगल स्टेशन के बीच दोहरीकरण का कार्य किया जा रहा है. इन निर्माण कार्यों के चलते रेलवे ने नॉन इंटरलॉकिंग ब्लॉक लिया है, जिससे इस मार्ग की कई ट्रेनों के संचालन में अस्थाई बदलाव किया गया है.
उदयपुर-कामाख्या एक्सप्रेस का रूट बदला
उत्तर पश्चिम रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी शशि किरण के अनुसार, गाड़ी संख्या 19615, उदयपुर सिटी से कामाख्या जाने वाली एक्सप्रेस 22 अगस्त को उदयपुर सिटी से रवाना होगी. यह ट्रेन अब लखनऊ, सुल्तानपुर, वाराणसी, औड़िहार और छपरा होकर चलाई जाएगी. मार्ग बदलने के कारण यह ट्रेन अयोध्या धाम, मनकापुर, गोरखपुर, देवरिया सदर और भटनी स्टेशनों पर नहीं रुकेगी. चित्तौड़गढ़ स्टेशन पर यह ट्रेन शाम 6:00 बजे पहुंचेगी और केवल 2 मिनट के ठहराव के बाद 6:02 बजे रवाना हो जाएगी.
दूसरी प्रभावित ट्रेन गाड़ी संख्या 19616, कामाख्या से उदयपुर सिटी एक्सप्रेस है, जो 25 अगस्त को कामाख्या से चलेगी. इस ट्रेन का मार्ग भी छपरा, औड़िहार, वाराणसी, सुल्तानपुर और लखनऊ होते हुए बदला गया है. इसके कारण यह ट्रेन भटनी, देवरिया सदर, गोरखपुर, मनकापुर और अयोध्या धाम स्टेशनों पर नहीं रुकेगी. यह ट्रेन चित्तौड़गढ़ स्टेशन पर रात 9:10 बजे पहुंचेगी और 5 मिनट के ठहराव के बाद 9:15 बजे रवाना हो जाएगी.
चित्तौड़गढ़ स्टेशन से यात्रा करने वाले यात्रियों को विशेष सावधानी बरतनी होगी क्योंकि दोनों ट्रेनों का ठहराव बहुत कम समय के लिए रहेगा. रेलवे ने यात्रियों से अनुरोध किया है कि वे अपने टिकट और यात्रा की योजना इन बदलावों को ध्यान में रखकर बनाएं.