उदयपुर, 3 अक्टूबर (Udaipur Kiran News). पुलिस थाना सूरजपोल ने एक बड़ी कार्रवाई करते हुए होटल व्यवसाय के पार्टनर को एनडीपीएस केस में फंसाने की साजिश रच रहे दो आरोपियों को अवैध मादक पदार्थ एमडीएमए के साथ गिरफ्तार किया है.

जिला पुलिस अधीक्षक योगेश गोयल के निर्देश पर मादक पदार्थों के अवैध कारोबार और अपराधियों पर सख्त कार्रवाई की जा रही है. इसी क्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक उमेश ओझा और वृताधिकारी नगर पूर्व छगन पुरोहित के सुपरविजन में, थानाधिकारी रतन सिंह के नेतृत्व में गठित टीम अपराधियों की गतिविधियों पर नजर रख रही थी.
2 अक्टूबर को पुलिस टीम ने माली कॉलोनी, न्यू रोड क्षेत्र में मोटरसाइकिल से जा रहे दो होटल व्यवसायियों नितिन कुमार (निवासी सूरजपोल) और हितेश कुमार (निवासी फालना, हाल होटल मान्सी पैलेस, उदयपुर) को रोका. तलाशी में उनके पास से 10 ग्राम अवैध मादक पदार्थ एमडीएमए बरामद हुआ. दोनों को मौके पर गिरफ्तार कर NDPS ACT के तहत मुकदमा दर्ज किया गया.
प्रारंभिक पूछताछ में खुलासा हुआ कि आरोपी नितिन कुमार पिछले पांच माह से जयराम गुर्जर (निवासी टेकरी) के साथ जयपुर और उदयपुर में होटल व्यवसाय में साझेदारी कर रहा था. दोनों ने बराबर निवेश किया था, लेकिन बाद में जयराम ने नितिन को जयपुर की लीज पर ली गई होटल से अलग कर दिया और उसकी राशि वापस नहीं की. इससे नाराज होकर नितिन ने अपने साथी हितेश के साथ मिलकर जयराम को एनडीपीएस केस में फंसाने की साजिश रची.
इस साजिश को अंजाम देने के लिए दोनों ने रघुनाथ चौधरी (रणकपुर) से एमडीएमए खरीदी और जयराम की कार में यह ड्रग रखकर उसे फंसाने की योजना बनाई. लेकिन साजिश को अंजाम देने से पहले ही पुलिस ने दोनों को गिरफ्तार कर लिया.