Skip to content
Friday, 30 October 2026
BREAKING
HEADLINES

उज्जैनः महाकाल लोक परिसर में वाटर स्क्रीन प्रोटेक्शन और फाउंटेन शो का लोकार्पण

उज्जैनः महाकाल लोक परिसर में वाटर स्क्रीन प्रोटेक्शन और फाउंटेन शो का लोकार्पण

– मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने श्री महाकालेश्वर बैंड और श्री अन्न लड्डू प्रसादम का भी किया शुभारंभ

भोपाल, 20 अक्टूबर (Udaipur Kiran News) । मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने सोमवार देर शाम दीपावली के अवसर पर भगवान महाकालेश्वर की नगरी उज्जैन स्थित महाकाल लोक परिसर रुद्र सागर में वाटर स्क्रीन प्रोटेक्शन और फाउंटेन शो का लोकार्पण किया। स्मार्ट सिटी प्रोजेक्ट के तहत मध्य प्रदेश राज्य पर्यटन विकास निगम ने 18 करोड़ सात लाख रुपये से स्थापित लेजर एंड साउंड शो में भगवान श्री महाकालेश्वर, मोक्षदायनी शिप्रा नदी तथा अवंतिका नगरी की कीर्ति गाथा को प्रदर्शित किया। लगभग 25 मिनट अवधि का लाइट एंड साउंड शो देखते ही बनता है।

इसके साथ ही मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने श्री महाकालेश्वर मंदिर में श्री अन्न लड्डू प्रसादम का शुभारंभ किया, जो मिलेट (श्रीअन्न ) से निर्मित होगा। साथ श्री महाकालेश्वर बैंड का भी शुभारंभ हुआ। महाकाल बैंड ने प्रस्तुति भी दी। इस अवसर पर महाकाल लोक परिसर में मुख्यमंत्री डॉ यादव ने दीप प्रज्वलित किए और दीपदान किए।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि यशस्वी प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में बाबा महाकाल के आशीर्वाद से राष्ट्र का तेजी से विकास हो रहा है। पूरे देश में उज्जैन अर्थात अवंतिका नगरी का विशेष स्थान है। उज्जैन का अपना गौरवमयी इतिहास है। रुद्र सागर महाकाल लोक परिसर में लाइट एंड साउंड शो से उज्जैन आने वाले पर्यटक और श्रद्धालु उज्जैन की गौरव गाथा से परिचित होंगे। यह शो उनकी जिज्ञासाओं को भी शांत करेगा। डॉ. यादव ने महाकाल बैंड की प्रस्तुति की सराहना की। आगामी महाकाल सवारी तथा अन्य पर्वों पर नियोजित ढंग से बैंड प्रस्तुति होगी।

इस अवसर पर विधायक अनिल जैन कालूहेड़ा, नगर निगम सभापति कलावती यादव, अन्य जनप्रतिनिधि, उज्जैन कलेक्टर रोशन कुमार सिंह, पुलिस अधीक्षक प्रदीप शर्मा आदि उपस्थित थे।

(Udaipur Kiran) तोमर

Share

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *