Skip to content
Sunday, 1 November 2026
BREAKING
MADHYA PRADESH

उज्जैनः नगर निगम परिसर में वृद्धा को पीटकर रुपए ले भागा बदमाश

नगर निगम परिसर में वृद्धा को पीटकर रुपए ले भागा बदमाश

उज्जैन, 16 दिसंबर (Udaipur Kiran) । मध्य प्रदेश के उज्जैन में आगर रोड स्थित नगर निगम परिसर में मंगलवार को एक वृद्धा को अकेली पाकर बदमाश ने गले से मंगलसूत्र छीनने का प्रयास किया। वृद्धा को डरा-धमकाकर आरोपी झाडिय़ों में ले गया और मारपीट कर पर्स से 100 रुपए छीनकर भाग निकला। वृद्धा को प्राथमिक उपचार के लिए चरक अस्पताल ले जाया गया।

कोतवाली थाना पुलिस ने बताया कि फाजलपुरा निवासी 70 वर्षीय रामी बाई गोयल मंगलवार दोपहर पेंशन फॉर्म से जुड़े काम के लिए नगर निगम कार्यालय पहुंची थीं। निगम परिसर में ही एक युवक उनके पास आया और बातचीत शुरू कर दी। आरोपी ने वृद्धा से कहा कि तुम पीछे से लोहा उठाकर ले आई हो और इसी बहाने बातों में उलझाते हुए उन्हें नगर निगम परिसर के पीछे की ओर ले गया। पीछे ले जाकर उसने पहले रुपए मांगे। जब वृद्धा ने बताया कि उनके पास पैसे नहीं हैं तो आरोपी ने उनके साथ मारपीट शुरू कर दी। उसने मुक्के मारते हुए महिला के गले से मंगलसूत्र खींचने की कोशिश की। महिला के विरोध करने पर दोनों के बीच झूमाझटकी हुई। इसी दौरान आरोपी ने महिला के पर्स में रखे 100 रुपए निकाल लिए और मौके से भाग गया।

घटना के बाद वृद्धा बेहोश हो गई। लोगों ने जब वृद्धा को अचेत अवस्था में देखा तो उन्हे उपचार के लिए अस्पताल लेकर पहुंचे। जहां सूचना मिलते ही परिजन भी पहुंच गए। वृद्धा ने होश में आने के बाद पुलिस को बताया कि आरोपी उन्हें जबरन झाडिय़ों की ओर ले गया और थप्पड़ मारे, जिससे वह कुछ देर के लिए होश खो बैठीं। पुलिस ने शिकायत दर्ज कर नगर निगम परिसर में लगे सीसीटीवी के फुटेज खंगाले है। बदमाश की तलाश जारी है।

—————

(Udaipur Kiran) / ललित ज्‍वेल

Share

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *