Skip to content
Friday, 30 October 2026
BREAKING
HEADLINES

इंदौर में नो एंट्री में घुसे बेकाबू ट्रक ने मचाई तबाही, दो की मौत, कई घायल

इंदौर, 15 सितम्बर (Udaipur Kiran News)। मध्य प्रदेश के इंदौर में सोमवार रात एयरपोर्ट रोड पर एक भीषण सड़क हादसा हो गया। नो-एंट्री में घुसे तेज रफ्तार ट्रक ने कई लोगों और वाहनों को टक्कर मार दी। एसीपी अमित सिंह के अनुसार, इस हादसे में दो लोगों की मौत हुई है और छह लोग घायल हुए हैं। हालांकि, प्रत्यक्षदर्शियों का दावा है कि मृतकों की संख्या इससे अधिक हो सकती है।

Indore Truck Accident

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने हादसे पर गहरा दुख जताया और घायलों के समुचित उपचार व सहायता के निर्देश दिए। उन्होंने गृह विभाग के अपर मुख्य सचिव शिव शेखर शुक्ला को इंदौर भेजकर दुर्घटना से जुड़े सभी पहलुओं की जानकारी लेने और राहत कार्यों का निरीक्षण करने के निर्देश दिए। मुख्यमंत्री ने कहा कि वे लगातार इंदौर प्रशासन के संपर्क में हैं और घायलों के इलाज में किसी प्रकार की कमी नहीं आने दी जाएगी।

जानकारी के अनुसार, एयरपोर्ट रोड पर ट्रक (एमपी 09, जेडपी 4069) का नियंत्रण बिगड़ गया और उसने एक अस्पताल के पास कई वाहनों और ई-रिक्शा को टक्कर मार दी। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि ट्रक की चपेट में आने से एक मोटरसाइकिल में आग लग गई, जो ट्रक तक फैल गई। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस, एंबुलेंस और फायर ब्रिगेड की टीमें मौके पर पहुंचीं और घायलों को अस्पतालों में भर्ती कराया।

पुलिस के मुताबिक, हादसे में 15 लोग चपेट में आए। दो लोगों की मौत हुई और बाकी को अलग-अलग अस्पतालों में भर्ती कराया गया है। गंभीर घायलों को गीतांजली, वर्मा यूनियन, बांठिया, अरबिंदो और भंडारी अस्पताल में इलाज मिल रहा है। चार घायलों की हालत नाजुक बताई जा रही है।

प्रत्यक्षदर्शी सुभाष सोनी के अनुसार, ट्रक के ब्रेक फेल थे और ड्राइवर नशे में था। इसी दौरान उसने कई लोगों को कुचल दिया। एक अन्य प्रत्यक्षदर्शी प्रदीप देवलिया ने बताया कि ट्रक ने विद्या पैलेस क्षेत्र में लोगों को लापरवाही से टक्कर मारी।

डीसीपी कृष्णा लालचंदानी ने पुष्टि की कि ड्राइवर नशे में था और उसने कालानी नगर से ही लोगों को टक्कर मारना शुरू किया। आरोपी ड्राइवर को गिरफ्तार कर मल्हारगंज थाने ले जाया गया है। ट्रक जब्त कर जांच जारी है।

हादसे की जानकारी मिलने पर विधायक मालिनी गौड़ और पूर्व विधायक सुदर्शन गुप्ता घटनास्थल पर पहुंचे। बाद में विधायक गौड़ अस्पताल भी गईं और घायलों का हालचाल लिया। उन्होंने कहा कि यह बेहद दुखद घटना है और प्रशासन को भारी वाहनों की एंट्री पर कड़ा नियंत्रण रखना होगा।

वहीं, मंत्री कैलाश विजयवर्गीय ने भी अस्पताल पहुंचकर घायलों से मुलाकात की और कहा कि इस बात की जांच होगी कि नो-एंट्री में ट्रक कैसे घुसा। इंदौर कलेक्टर शिवम वर्मा ने आश्वासन दिया कि घायलों के बेहतर इलाज की सभी व्यवस्थाएं की जा रही हैं।

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *