Skip to content
Thursday, 29 October 2026
BREAKING
HEADLINES

केंद्रीय गृहमंत्री शाह आज असम में करेंगे बटद्रवा सांस्कृतिक परियोजना का उद्घाटन

मिजोरम में शनिवार को असम राइफल्स के स्थानांतरण समारोह को संबोधित करते हुए केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह।

गुवाहाटी, 29 दिसंबर (Udaipur Kiran) । केंद्रीय गृह एवं सहकारितामंत्री अमित शाह आज असम के नगांव जिले के बटद्रवा में बटद्रवा सांस्कृतिक परियोजना का उद्घाटन करेंगे। परियोजना स्थल पर पहुंचने पर गृहमंत्री का पारंपरिक तरीके से स्वागत किया जाएगा। उद्घाटन समारोह में लगभग 150 सत्राधिकारों तथा करीब 60 हजार भक्तों और वैष्णवों की उपस्थिति रहने की संभावना है। लगभग 227 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित यह विशाल सांस्कृतिक परियोजना महापुरुष श्रीमंत शंकरदेव से जुड़ी वैष्णव परंपरा और असम की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण एवं संवर्धन के उद्देश्य से विकसित की गई है।

इस बीच, केंद्रीय गृहमंत्री शाह के कार्यक्रम में बदलाव किया गया है। आज उनके गुवाहाटी पहुंचने की योजना है।रविवार रात अहमदाबाद से गुवाहाटी आने वाली उनकी निर्धारित उड़ान घने कोहरे के कारण रद्द कर दी गई थी। इससे पहले रविवार को मुख्यमंत्री डॉ. हिमंत बिस्व सरमा ने कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण किया था। मुख्यमंत्री के अनुसार, अमित शाह को रात करीब 11 बजे लोकप्रिय गोपीनाथ बरदलै अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा, बरझार पहुंचना था और वहां से वे खानापाड़ा स्थित कोइनाधरा हिल्स के राज्यिक अतिथिशाला में रात्रि विश्राम करने वाले थे।

उन्होंने बताया कि सोमवार सुबह नौ बजे गृहमंत्री का गुवाहाटी के बोरागांव स्थित शहीद स्मारक जाकर असम आंदोलन के शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित करने का कार्यक्रम था। इसके बाद उन्हें बटद्रवा जाकर श्रीमंत शंकरदेव की जन्मभूमि पर विकसित सांस्कृतिक परियोजना का उद्घाटन करना था।

आज दिन के उत्तरार्ध में अमित शाह गुवाहाटी पुलिस आयुक्तालय के नव निर्मित कार्यालय का उद्घाटन कर सकते हैं। इसके अलावा, शाम करीब चार बजे वे खानापाड़ा कृषि महाविद्यालय के समीप निर्मित 5,000 सीटों वाले अत्याधुनिक ‘विष्णु ज्योति कला मंदिर’ का उद्घाटन करेंगे। गृहमंत्री के आज ही नई दिल्ली लौटने की संभावना थी, लेकिन घने कोहरे के कारण सभी कार्यक्रमों को पुनर्निर्धारित किया गया है। खबर लिखे जाने तक अमित शाह गुवाहाटी नहीं पहुंच सके हैं।

(Udaipur Kiran) / श्रीप्रकाश

Share

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *