Skip to content
Friday, 30 October 2026
BREAKING
HEADLINES

अजमेर दरगाह में पीएम मोदी की चादर पेश, केंद्रीय मंत्री किरेन रिजिजू ने की चादरपोशी

चादर

अजमेर, 22 दिसंबर (Udaipur Kiran) । अजमेर स्थित ख्वाजा गरीब नवाज की दरगाह में चल रहे 814वें सालाना उर्स के अवसर पर सोमवार को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की ओर से चादर पेश की गई। केंद्रीय अल्पसंख्यक कार्य मंत्री किरेन रिजिजू प्रधानमंत्री की ओर से भेजी गई चादर लेकर अजमेर पहुंचे और परंपरागत तरीके से दरगाह शरीफ में चादर चढ़ाई।

चादरपोशी के बाद केंद्रीय मंत्री किरेन रिजिजू ने बुलंद दरवाजे पर प्रधानमंत्री का संदेश देशवासियों के नाम पढ़कर सुनाया।

कार्यक्रम को लेकर दरगाह परिसर और आसपास सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए, बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात रहा।

इससे पहले सर्किट हाउस में मीडिया से बातचीत करते हुए केंद्रीय मंत्री किरेन रिजिजू ने कहा कि यह चादर प्रधानमंत्री, सरकार और देशवासियों की ओर से है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के मंत्रिमंडल का सदस्य होने के नाते वे स्वयं यहां पहुंचे हैं और जो भी संदेश देंगे, वही प्रधानमंत्री का संदेश होगा। उन्होंने स्वयं को भाग्यशाली बताते हुए कहा कि अजमेर दरगाह आकर देश में अमन, चैन और भाईचारे की दुआ करने का अवसर मिला है।

चादर पेश करने के बाद केंद्रीय मंत्री किरेन रिजिजू, केंद्रीय मंत्री भागीरथ चौधरी, मंत्री सुरेश रावत सहित अन्य जनप्रतिनिधि महफिलखाने पहुंचे। यहां दरगाह दीवान के पुत्र नसरुद्दीन चिश्ती ने उनका स्वागत किया और उर्स की मुबारकबाद दी। इस दौरान देश में शांति, सद्भाव और खुशहाली की दुआ मांगी गई। खादिमों की ओर से दस्तारबंदी कर तबर्रुक भी भेंट किया गया।

चिराग पासवान की ओर से भी चादर पेश

उर्स के मौके पर लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान की ओर से भी दरगाह में चादर पेश की गई। यह चादर पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव मोहम्मद साबिर ने पेश की। खादिम जुहूर बाबा चिश्ती ने उन्हें जियारत कराई। चादरपोशी के दौरान सूफियाना परंपराओं के अनुसार मुल्क में अमन-चैन और खुशहाली की दुआ मांगी गई।

चांद नजर आने के साथ ही रविवार से 814वें उर्स की शुरुआत हो चुकी है। उर्स के चलते देश-विदेश से लाखों की संख्या में जायरीन अजमेर दरगाह पहुंच रहे हैं। उर्स के विशेष अवसर पर जन्नती दरवाजा भी जायरीन के लिए खोला गया है, जो सामान्य दिनों में बंद रहता है।

—————

(Udaipur Kiran) / रोहित

Share

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *