Skip to content
Wednesday, 28 October 2026
BREAKING
ASSAM

पांडु में नशे के खिलाफ जनजागरूकता के लिए अनोखी साइकिल रैली

पांडु में नशे के खिलाफ जनजागरूकता के लिए अनोखी साइकिल रैली
पांडु में नशे के खिलाफ जनजागरूकता के लिए अनोखी साइकिल रैली

गुवाहाटी, 14 दिसंबर (Udaipur Kiran) । राजधकानी के पांडु तथा जालुकबाड़ी विधानसभा इलाके में नशा करने वालों और नशीले पदार्थों की तस्करी करने वालों की संख्या दिन-ब-दिन बढ़ती जा रही है, जिससे जागरूक नागरिकों में गहरी चिंता उत्पन्न हो गई है। विशेष रूप से नई पीढ़ी इस घातक सामाजिक बुराई की चपेट में न आ जाए, इसको लेकर समाज के विभिन्न वर्गों में गंभीर चिंता देखी जा रही है। इसी पृष्ठभूमि में नशे के खिलाफ जनजागरूकता फैलाने के उद्देश्य से रविवार को पांडु में एक अनोखी साइकिल रैली का आयोजन किया गया।

पांडु आनंद नगर लीगेसी सोशल एंड कल्चरल ग्रुप और पत्रिका समूह ‘एका ऐबोंग कोएकजन’ के संयुक्त तत्वावधान में तथा कुछ जागरूक नागरिकों के सहयोग से यह नशा विरोधी साइकिल रैली आयोजित की गई। रविवार सुबह पांडु लोको कॉलोनी आदर्श उच्च विद्यालय परिसर से रैली की शुरुआत हुई। यह रैली पांडु और मालीगांव क्षेत्र के विभिन्न मार्गों से होती हुई पुनः लोको कॉलोनी आदर्श उच्च विद्यालय परिसर में ही संपन्न हुई।

इस जनजागरूकता साइकिल रैली में आदर्श उच्च विद्यालय, विद्यानिकेतन हाई स्कूल तथा एमपीएमई हाई स्कूल के लगभग सौ से अधिक छात्र-छात्राओं ने भाग लिया। उनके साथ-साथ क्षेत्र के युवक-युवतियों और वरिष्ठ नागरिकों ने भी उत्साहपूर्वक सहभागिता की। हाथों में जागरूकता संदेश और नारों के माध्यम से प्रतिभागियों ने नशे के खिलाफ अपना सशक्त विरोध दर्ज कराया।

कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि के रूप में डॉ. परिमल भट्टाचार्य, डॉ. विभास पुरकायस्थ तथा डॉ. शांतनु राय चौधरी उपस्थित रहे। उन्होंने अपने संबोधन में वर्तमान सामाजिक परिस्थितियों और नई पीढ़ी के भविष्य पर प्रकाश डाला। वक्ताओं ने नशा सेवन के दुष्प्रभावों के प्रति सभी को सचेत करते हुए कहा कि स्वस्थ शरीर और सुंदर जीवन के लिए नशे से दूरी बनाए रखना अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने नई पीढ़ी से खेलकूद, शिक्षा और रचनात्मक गतिविधियों में संलग्न होकर एक स्वस्थ, सुंदर और नशामुक्त समाज के निर्माण का आह्वान किया।

आयोजकों का मानना है कि इस साइकिल रैली के माध्यम से पांडु क्षेत्र में नशे के खिलाफ जनजागरूकता और अधिक सशक्त होगी।

(Udaipur Kiran) / देबजानी पतिकर

Share

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *