(अपडेट) पुलिस और दस्यु गिरोह में मुठभेड, दस्यु अजीत ठाकुर एवं कल्याण गिरफ्तार


दोनों दस्युओं पर पचास-पसास हजार का है इनाम, दस हजार का इनामी बदमाश धीरज सहित दो अन्य दबोचे
धौलपुर, 24 दिसंबर (Udaipur Kiran) । पूर्वी राजस्थान के धौलपुर जिले में वांछित आरोपितों, इनामी बदमाशों एवं अवैध गतिविधियों की रोकथाम के लिए चलाएं जा रहे अभियान के तहत बुधवार को पुलिस और दस्यु अजीत-कल्याण गिरोह के बीच मुठभेड़ हुई। अल सुबह जिले के थाना बसई डांग इलाके में हुई इस मुठभेड में हार्डकोर एवं जिले के टॉप टेन अपराधियों में शामिल 50-50 हजार के इनामी बदमाशों अजीत एवं कल्याण को पुलिस ने धर दबोचा। मुठभेड में पुलिस ने दस हजार के इनामी बदमाश धीरज तथा दो अन्य बदमाशों को भी गिरफ्तार किया है। इनामी बदमाशों अजीत, कल्याण एवं इनकी गैंग को उत्तरप्रदेश व धौलपुर के सीमावर्ती क्षेत्र में आंतक का पर्याय बने हुए थे। इनामी बदमाशों अजीत ठाकुर के विरूद्ध 35 व कल्याण ठाकुर के विरूद्ध 33 एवं धीरज के विरूद्व आठ प्रकरण पंजीबद्ध हैं। इनामी बदमाशों एवं उनके साथियों से भारी संख्या में अवैध हथियारों का जखीरा बरामद करते हुए दो सिंगल शॉट 315 बोर रायफल, तीन अवैध देशी कट्टा 315 बोर, 75 कारतूस एवं 15 खाली कारतूस जब्त किए हैं। उधर, मुठभेड के दौरान दस्यु अजीत ठाकुर के पैर में गोली लगने के बाद में उसे उपचार के लिए धौलपुर के जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
जिला पुलिस अधीक्षक विकास सांगवान ने बताया कि पुलिस को बसई डांग थाना इलाके के चंबल के बीहड में सात क्यारी क्षेत्र में दस्यु अजीत एवं कल्याण गिरोह के मूवमेंट की सूचना मिली थी। इस सूचना पर पुलिस डीएसटी टीम, थाना बसईडांग, सायबर सेल एवं स्पेशल टीम ने इलाके में घेराबंदी की। इस दौरान बदमाशों द्वारा पुलिस टीमों पर फायरिंग की गई। आत्मरक्षार्थ पुलिस टीम द्वारा फायरिंग की गई और घेराबंदी कर अदम्य साहस के साथ पुलिस टीमों द्वारा 50-50 हजार के इनामी बदमाश अजीत ठाकुर निवासी रतनपुर थाना बसेडी जिला धौलपुर तथा कल्याण उर्फ कल्याण सिंह निवासी मुरावली थाना कंचनपुर जिला धौलपुर को धर दबोचा। पुलिस ने मुठभेड में 19 हजार के इनामी बदमाश धीरज निवासी खरगपुरा थाना नादनपुर जिला धौलपुर तथा दो अन्य बदमाश विष्णु कोली निवासी जारगा थाना बसेडी जिला धौलपुर तथा शिवा ठाकुर निवासी गुमानपुर थाना नादनपुर जिला धौलपुर को भी गिरफ्तार किया है। एसपी ने बताया कि हार्डकोर इनामी बदमाशों अजीत ठाकुर एवं कल्याण ठाकुर की गिरफ्तारी पर महानिरीक्षक पुलिस भरतपुर रेंज भरतपुर द्वारा 50-50 हजार रूपये की ईनाम घोषित है। वहीं, इनामी बदमाश धीरज की गिरफ्तारी पर धौलपुर पुलिस द्वारा 10 हजार रूपये की इनाम घोषित है। उक्त बदमाशों द्वारा पिछले 4-5 वर्षों में जिले में हत्या का प्रयास, फायरिंग अवैध हथियार, डकैती, रंगदारी, संगठित अपराध, पुलिस से मुठभेड, डकैती की योजना, लूट जैसे अपराधों को अंजाम दिया गया है।
—————
(Udaipur Kiran) / प्रदीप



