Skip to content
Thursday, 29 October 2026
BREAKING
HEADLINES

(अपडेट) तिनसुकिया सैन्य शिविर पर हमले में इस्तेमाल ट्रक असम-अरुणाचल सीमा के पास ज़ब्त, हमलावरों की तलाश में अभियान जारी

असमः तिनसुकिया जिले में भारतीय सेना के शिविर पर हुए घातक हमले में इस्तेमाल ट्रक को असम-अरुणाचल सीमा से पुलिस ने किया बरामद

तिनसुकिया (असम), 17 अक्टूबर (Udaipur Kiran News) । असम के तिनसुकिया के काकोपाथर में भारतीय सेना के एक शिविर पर हुए घातक हमले के बाद पुलिस ने हमलावरों द्वारा इस्तेमाल किया गया ट्रक असम-अरुणाचल सीमा के पास से ज़ब्त किया है।

असम-अरुणाचल प्रदेश सीमा के पास नोआ-दिहिंग नदी के किनारे टेंगापानी घाट से वाहन (एएस-25ईसी-2359) बरामद किया गया। पुलिस सूत्रों के अनुसार, हमलावर कथित तौर पर सेना शिविर पर हमला करने से पहले दुमदुमा की ओर से ट्रक में सवार होकर आए थे।

उग्रवादियों ने शिविर पर तीन अंडर बैरल ग्रेनेड लॉन्चर (यूबीजीएल) दागे और लगभग 30 मिनट तक भारी गोलीबारी जारी रखी, जिससे बीती देर रात इलाके में दहशत फैल गई। ऐसा माना जा रहा है कि हमले के बाद, हमलावर नदी किनारे उसी रास्ते से अरुणाचल प्रदेश की ओर भाग गए। सुरक्षा बलों ने हमलावरों की तलाश में सीमावर्ती इलाकों में व्यापक संयुक्त अभियान शुरू किया है।

हमले में कम से कम तीन भारतीय सैन्यकर्मी घायल हुए हैं, हालांकि उनकी हालत स्थिर बताई जा रही है। प्रारंभिक जांच से पता चलता है कि यह हमला प्रतिबंधित उग्रवादी संगठन यूनाइटेड लिबरेशन फ्रंट आफ असम-स्वाधीन (उल्फा-स्व) के उग्रवादियों द्वारा किया गया था।

पुलिस और सेना की टुकड़ियां ऊपरी असम में हाई अलर्ट पर हैं और इस सुनियोजित हमले के पीछे के समूह का पता लगाने के लिए तलाशी अभियान जारी है।

बीते गुरुवार को अरुणाचल प्रदेश के चांगलांग जिलांतर्गत भारत-म्यांमार इलाके में भी संदिग्ध उग्रवादी संगठन एनएससीएन-केवाई (ए) और उल्फा (स्व) के उग्रवादियों ने असम रायफल्स के शिविर पर हमला किया, जिसमें आधिकारिक रूप से दो जवान घायल हुए थे। वहीं, अपुष्ट खबरों के अनुसार चार जवान घायल हुए। पूरे इलाके में सुरक्षा बलों ने सघन तलाशी अभियान आरंभ किया है।

(Udaipur Kiran) / अरविन्द राय

Share

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *