Skip to content
Wednesday, 28 October 2026
BREAKING
HEADLINES

(वार्षिकी ) उत्तर प्रदेश ने वर्ष 2025 में रचा कीर्तिमान, महाकुंभ और राम मंदिर के भव्य आयोजन, बिना थके चला योगी सरकार का बुलडोजर

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ

-बेरोजगारी दर 19 फीसदी से घटकर 2.4 हुई और स्टार्टअप में बने नंबर वन

लखनऊ, 30 दिसंबर (Udaipur Kiran) । राजनीतिक और आध्यात्मिक दष्टि से महत्वपूर्ण उत्तर प्रदेश के लिए वर्ष 2025 न केवल राजनीतिक दृष्टि से बल्कि आध्यात्मिक, आर्थिक विकास और कानून व्यवस्था के नजरिए से भी उत्कृष्ट रहा’। युवाओं के लिए रोजगार और शिक्षा—स्वास्थ्य में क्रांतिकारी परिवर्तनों के साथ मूलभूत विकास भी गांव के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचा है और इसका श्रेय उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को जाता है।

यह वर्ष 2025 की शुरुआत जनवरी में राम मंदिर की प्राण प्रतिष्ठा की प्रथम वर्षगांठ समारोह से की गई तो वर्ष के 11 वें महीने में मंदिर के शिखर पर ध्वजारोह किया गया।

उत्तर प्रदेश में आध्यात्मिक दृष्टि से राम नगरी अयोध्या इस समय देश—दुनिया का आकर्षण का केंद्र बनी हुई है। राम मंदिर ​के निर्माण और प्राण प्रतिष्ठा की प्रथम वर्षगांठ वर्ष 2025 की शुरुआत 11 जनवरी को बडे़ ही धूमधाम से मनाई गई। इसी वर्ष 25 नवंबर को आयोजित भव्य समारोह में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के सरसंघचालक डाॅ मोहन भागवत ने प्रख्यात साधु संतों की उपस्थिति में राम मंदिर के शिखर पर भगवाध्वज फहराया। यह ध्वज मंदिर की पूर्णता का संदेश देता है। अयोध्या में दीपावली के अवसर पर दीपोत्सव का आयोजन गिनीज बुक रिकार्ड बना। इसके साथ राम नवमी से लेकर दशहरा तक भव्य आयोजन हुए और यह सिलसिला अभी भी चल रहा है।

वर्ष 2025 की बड़ी उपलब्धि महाकुंभ का सफल आयोजन रहा, जिसमें देश दुनिया के 60 करोड से अधिक भक्तों ने संगम में डुबकी लगाई और यह आयोजन पूरी दुनिया का ध्यान अपनी ओर खींचने में सफल रहा। इसका असर यह हुआ कि प्रदेश में पर्यटन ने रफ्तार पकड़ी। अयोध्या में राम मंदिर के बाद काशी विश्वनाथ कॉरिडोर फेज-2 और मथुरा-वृंदावन कॉरिडोर पर काम शुरु हुआ। बुंदेलखंड और पूर्वांचल में 12 नए पर्यटन सर्किट विकसित किए गए। पर्यटन की दृष्टि से महत्पूर्ण हो चुके इस प्रदेश में पर्यटकों की भारी आवाजाही से लोगों की आय के स्रोत बढे हैं।

भाजपा ने जीता उपचुनाव, सपा काे झटका

वर्ष 2025 को उत्तर प्रदेश की राजनीतिक दृष्टि से देखें तो सबसे महत्वपूर्ण घटनाक्रम उत्तर प्रदेश भाजपा के नए अध्यक्ष का निर्वाचन रहा। महराजगंज से सात बार से सांसद और केंद्रीय मंत्री पंकज चौधरी को उत्तर प्रदेश को अध्यक्ष निर्वाचित किया गया है। मिल्कीपुर विधानसभा उपचुनाव में भाजपा की 61 हजार वोटों से जीत और सपा की हार एक बड़ी घटना रही, क्योंकि अयोध्या से लोकसभा चुनाव समाजवादी पार्टी ने जीत कर यह संदेश दिया था कि अयोध्या भाजपा नहीं सपा के साथ है, लेकिन अयोध्या से सांसद चुने जाने के बाद अवधेश प्रसाद ने जब मिल्कीपुर विधानसभा सीट से त्यागपत्र दिया और तो उप चुनाव में भाजपा ने ऐतिहासिक जीत दर्ज कर अपना बदला लिया और पूरे देश को संदेश भी दिया। यही नहीं सपा के लिए यह भी दुर्दिन आए कि सात विधायकों ने विद्रोह कर दिया और सत्ता पक्ष की नीतियों का समर्थन करने लगे। समाजवादी पार्टी के नेता आजम खान का यह साल अधिकांश जेल में ही बीता। हालांकि उन्हें भडकाउ भाषण के मामले में बरी कर दिया गया ।

अपराधियाें के लिए काल बनकर आया 2025

कानून व्यवस्था की दृष्टि से देखें तो यह साल अपराधियों और दंगाइयों के लिए काल बन कर आया। संभल और बरेली में मस्जिद के सर्वे के समय उत्पात मचाकर लाखों की संपत्ति स्वाहा करने वाले दंगाइयों पर योगी सरकार ने सख्त कार्रवाई की है। साल भर याेगी सरकार का बिना थके बुलडाेजर चलता रहा। बरेली में हिंसा में शामिल कथित मौलनाओं की संपत्तियों पर बुलडोजर चला और उन्हें जेल में डाल दिया गया। प्रदेश के हर कोने में अपराधियों को उनके किए की सजा मिली। कई अपराधी पुलिस मुठभेड में ढेर किए गए तो कई काे कानूनी पैरवी के चलते आजीवान कारावास की सजा सुनाई गई। बहराइच जिले में प्रतिमा विसर्जन के समय एक युवक की हत्या के मामले में आरोपितों को ऐसी ही सजा मिली।

मा​फियाओं की जमीन पर बने गरीबों के घर

माफियाओं द्वारा अर्जित की गई अरबों की संपत्ति जब्त करने के ​साथ ही जमीन को कब्जामुक्त कर उस पर गरीबों के लिए आवास बनाए गए। राजधानी लखनऊ में मुख्तार अंसारी की जमीन पर सरदार वल्लभ भाई पटेल आवासीय योजना के तहत फलैट बनाकर गरीबों को आवंटित किए गए। उत्तर प्रदेश में कानून का ही राज है कि यहां व्यापारियों और उद्यमियों से वसूली नहीं होती है और उनका रोजगार लगातार फल फूल रहा है। नए नए उद्योग धंधे लग रहे और सरकार एमओयू के माध्यम से युवाओं को स्किल्ड बनाकर उनकी प्रगति के द्वार खोल रही है।

कई याेजनाओं में देश में टाॅपर

प्रदेश में विकास को देखें तो इस राज्य ने अपनी कुशल प्रशासनिक क्षमता का उपयोग कर कई सरकारी योजनाओं में देश में पहला स्थान बनाया है। इनमें पीएम सूर्य घर योजना का नाम सबसे ऊपर है। इसके साथ ही 18 नवंबर को दिल्ली के विज्ञान भवन में राष्ट्रपति के हाथों में प्रदेश जालौन और मिर्जापुर जिलों को जल प्रबंधन में राष्ट्रीय पुरस्कार प्राप्त हुए हैं। उत्तर प्रदेश ने एथेनॉल उत्पादन में रिकॉर्ड 141.8 करोड़ लीटर एथेनॉल का उत्पादन हुआ।

लाखाें युवकाें काे मिली नाैकरी

वर्ष 2025 उत्तर प्रदेश के युवाओं के लिए नौकरी की खुशियां लेकर आया। शिक्षकों से लेकर विभिन्न पदों पर पारदर्शिता के साथ लाखों नियुक्तियां की गईं; बिना रिश्वत के हुई इन नियुक्तियों से प्रदेश के लाखों परिवारों ने योगी सरकार में विश्वास व्यक्त किया और इन सफल अभ्यर्थियों को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने स्वयं नियुक्ति पत्र दिए। रोजगार को बढ़ावा देने के लिए उत्तर प्रदेश देश में स्टार्टअप के मामले में तीसरे नंबर पर पहुंचा और 25 हजार से ज्यादा नए स्टार्टअप रजिस्टर्ड हुए, जिन्होंने युवाओं को रोजगार देने के साथ ही विकास में भी अपना योगदान दिया। यही कारण रहा कि प्रदेश में बेरोजगारी दर 19 फीसदी से घटकर सिर्फ 2.4 फीसदी रह गई।

मूलभूत ढांचे का अभूतपूर्व विकास

मूलभूत विकास ढांचे की बात करें तो मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की सरकार ने वित्तीय वर्ष 2025-2026 के लिए 8 लाख 8 हजार 736 करोड़ 6 लाख रुपए का ऐतिहासिक बजट पेश किया था और यह बजट प्रदेश के इतिहास में अबतक का सबसे बड़ा बजट है। इस बजट से प्रदेश के विकास की गति तेज हुई है। प्रदेश के लगभग सभी जिला अस्पतालों में सीटी स्कैन की सुविधा उपलब्ध कराई गई, और 5 नए राजकीय मेडिकल कॉलेज अमेठी, बुलंदशहर, ललितपुर, पीलीभीत और औरैया में शुरू किए गए; और सरकारी पॉलीटेक्निक कॉलेजों में स्मार्ट क्लासरूम और डिजिटल लाइब्रेरी विकसित की गईं। राज्य विश्वविद्यालय के अलावा संभल, बाराबंकी और फतेहपुर सहित कई जिलों में निजी विश्वविद्यालय खोलने की मंजूरी दी गई। स्वच्छता में भी योगी सरकार ने नया रिकॉर्ड बनाते हुए केंद्र सरकार की योजना नमामि गंगे के तहत 42 नए सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट (STP) शुरू कराए।

यूपी के खिलाड़ियों ने दुनिया में फहराई पताका

2025 में उत्तर प्रदेश के होनहार खिलाड़ियों ने विश्व स्तर पर परचम लहराया है। अंतरराष्ट्रीय महिला विश्वकप में आगरा की क्रिकेटर दीप्ति शर्मा ने भारत को विश्व चैंपियन बनने में बड़ी भूमिका निभाई। इसी प्रकार क्रिकेटर कुलदीप यादव प्रदर्शन भी शानदार रहा। ऐसे ही पैरा चैंपियन प्रवीण कुमार, प्रीति पाल और भाला फेंक खेल प्रतियोगिता में मेरठ की अन्नू रानी ने दुनिया भर में पहचान बनाई है। यूपी के कॉडर के आईएएस अधिकारी सुहास एलवाई ने बैडमिंटन एसएल-4 वर्ग में टोक्यो में रजत और पेरिस में स्वर्ण जीत कर नाम रोशन किया है।

शां​तिपूर्ण माहौल में एसआईआर

साल बीतते-बीतते उत्तर प्रदेश में सघन मतदाता पुनरीक्षण कार्य भी एक बडा सियासी मुदृा रहा। भाजपा ने एसआईआर अभियान में वैध मतदाताओं के नाम जोड़ने और सत्यापन के लिए कार्यकर्ताओं को निर्देशित किया तो समाजवादी पार्टी, कांग्रेस और अन्य विपक्षी दल एसआईआर को लेकर मतदाताओं में भ्रम पैदा करने में व्यस्त रहे। इस अभियान में अभी सरकारी मशीनरी 3 करोड़ मतदाताओं का पता लगा रही है। बहरहाल इस मुदृे पर विवाद जारी है लेकिन मतदाताओं ने बीएलओ के पास अपना मतदाता सूची में अपना नाम दुरुस्त कराया।

कुल मिलाकर वर्ष 2025 का आकलन करें तो उत्तर प्रदेश के विकास का यह वर्ष रहा है। योगी सरकार ने बिना किसी विवाद और पक्षपात किए बिना लोगों के जीवन के आसान बनाते हुए उन तक योगी —मोदी सरकार की जन कल्याणकारी योजनाएं पहुंचाने में सफलता पाई है। अपराधमुक्त प्रदेश ने विकास की एक नयी राह पकड कर तेजी से आगे बढ़ना शुरु किया है और यह वर्ष योगी सरकार के पिछले सात साल से अधिक भव्य और सफलतम कहा जा सकता है।

—————

(Udaipur Kiran) / शिव सिंह

Share

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *