Skip to content
Friday, 30 October 2026
BREAKING
HimachalPradesh

कुलपति प्रो. बंसल ने सीयू के नव-निर्मित देहरा परिसर का किया निरीक्षण

देहरा में सीयू के निर्माण कार्य का निरीक्षण करते हुए कुलपति।

धर्मशाला, 17 दिसंबर (Udaipur Kiran) । हिमाचल प्रदेश केंद्रीय विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. सत प्रकाश बंसल ने बुधवार को देहरा स्थित विश्वविद्यालय के नव-निर्मित परिसर का निरीक्षण किया। निरीक्षण के अन्तर्गत कुलपति ने निर्माण कार्यों की प्रगति का तथ्य अन्वेषण लिया तथा संबंधित अधिकारियों से विस्तार से जानकारी प्राप्त की। कुलपति को बताया गया कि परिसर का निर्माण कार्य लगभग 90 प्रतिशत पूर्ण हो चुका है और शेष कार्य निर्धारित समय-सीमा के भीतर पूर्ण किए जा रहे हैं।

निरीक्षण के दौरान कुलपति प्रो. बंसल ने जल सुविधा को लेकर केंद्रीय लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों के साथ विस्तृत चर्चा की। उन्होंने स्पष्ट किया कि जलापूर्ति से संबंधित सभी औपचारिकताएं पूर्ण होते ही सीपीडब्ल्यूडी के माध्यम से आवश्यक व्यवस्थाएं शीघ्र सुनिश्चित की जाएं ताकि परिसर के संचालन में किसी प्रकार की बाधा न हों।

इसी क्रम में विद्युत सुविधा को लेकर भी महत्वपूर्ण जानकारी साझा की गई। कुलपति ने बताया कि बिजली आपूर्ति के लिए हिमाचल प्रदेश सरकार के समक्ष आवश्यक सभी औपचारिकताएं एवं लेखकीय प्रक्रियाएं पूर्ण कर ली गई हैं और शीघ्र ही विद्युत आपूर्ति से संबंधित कार्य भी अंतिम चरण में पंहुचेगा।

कुलपति प्रो. सत प्रकाश बंसल ने सीपीडब्ल्यूडी के अधिकारियों को निर्देश दिए कि विश्वविद्यालय के शैक्षणिक एवं प्रशासनिक विभागों को मार्च 2026 तक चरणबद्ध रूप से नव-निर्मित परिसर में स्थानांतरित करने की तैयारी सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि यह परिसर विश्वविद्यालय की अकादमिक गतिविधियों को एक नई दिशा देगा और विद्यार्थियों व शिक्षकों के लिए उत्कृष्ट शैक्षणिक वातावरण उपलब्ध कराएगा।

निरीक्षण के दौरान कुलपति ने निर्माण गुणवत्ता, आधारभूत सुविधाओं तथा भविष्य की आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए कार्यों को समयबद्ध एवं मानकों के अनुरूप पूर्ण करने पर बल दिया। इस अवसर पर सीपीडब्ल्यूडी के वरिष्ठ अधिकारी, विश्वविद्यालय प्रशासन के प्रतिनिधि तथा संबंधित कर्मचारी उपस्थित रहे।

—————

(Udaipur Kiran) / सतेंद्र धलारिया

Share

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *