उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन 24 दिसंबर को आगरा में, सांसद खेल स्पर्धा के विजयी प्रतिभागियों को करेंगे पुरस्कृत

-उपराष्ट्रपति सांसद खेल स्पर्धा में खिलाड़ियों को करेंगे सम्मानित
आगरा, 23 दिसंबर (Udaipur Kiran) । उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन 24 दिसंबर बुधवार को लगभग 2 घंटे के आगरा प्रवास पर रहेंगे। उपराष्ट्रपति यहां सांसद खेल स्पर्धा के खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन और विजेता खिलाड़ियाें काे सम्मानित भी करेंगे। उपराष्ट्रपति बनने के बाद यह पहला मौका है जब सीपी राधाकृष्णन का आगरा आगमन हो रहा है।
केंद्रीय राज्यमंत्री प्रो. एसपी सिंह बघेल ने बताया कि स्पोर्ट्स स्टेडियम में चल रही सांसद खेल स्पर्धा में उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन मुख्य अतिथि के रूप में 24 दिसंबर काे शामिल होंगे और प्रतियोगिता के विजेता खिलाड़ियों को सम्मानित करेंगे। उन्हाेंने कहा कि उपराष्ट्रपति की इस खेल स्पर्धा आयोजन में मौजूदगी उभरते हुए खिलाड़ियों के लिए एक प्रेरणास्रोत सिद्ध होगी।
सांसद प्रो. बघेल ने कहा कि सांसद खेल स्पर्धा का उद्देश्य केवल प्रतियोगिता मात्र नहीं, बल्कि खेल जगत में उभरती हुई ग्रामीण व शहरी प्रतिभाओं को एक मंच देना, उनकी प्रतिभा को आगे बढ़ने के अवसर प्रदान करना और खेल संस्कारों को मजबूत और सही दिशा की ओर अग्रसर करना है। उन्होंने कहा कि हमारे प्रधानमंत्री खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने के लिए सभी अवसर प्रदान कर रहे हैं, इसी का नतीजा है कि आगरा ने खेल जगत में दीपक चाहर, राहुल चाहर, दीप्ति शर्मा, पूनम यादव, कार्तिक शर्मा जैसे बेहतरीन खिलाड़ी पेश किए हैं।
उल्लेखनीय है कि केंद्रीय राज्यमंत्री प्रो. एसपी सिंह बघेल के नेतृत्व में तृतीय सांसद खेल स्पर्धा का शुभारंभ 21 दिसंबर से मैराथन दौड़ के साथ हुआ था। खेल स्पर्धा के दूसरे दिन एकलव्य स्पोर्ट्स स्टेडियम आगरा में 20 खेलों में खिलाड़ियों ने अपनी क्षमता और योग्यता का दम ख़म दिखाया। खेल स्पर्धा में व्यक्तिगत तथा टीम खेलों का आयोजन हो रहा है। कबड्डी, रस्साकसी, बॉक्सिंग, कराटे, हॉकी, ताइक्वांडो, टेबल टेनिस, बैडमिंटन, वेटलिफ्टिंग जैसी कई स्पर्धाएं सम्मिलित है, जिनमें करीब पांच हजार खिलाड़ी भाग ले रहे हैं।
—————
(Udaipur Kiran) / Vivek Upadhyay



