Skip to content
Friday, 30 October 2026
BREAKING
HEADLINES

उपराष्ट्रपति आज इंदौर में, अटल जी की 100वीं जयंती पर शून्य से शतक कार्यक्रम में होंगे शामिल

उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन (फाइल फोटो)

इंदौर, 21 दिसंबर (Udaipur Kiran) । उप राष्ट्रपति सी.पी. राधाकृष्णन आज मध्य प्रदेश के एक दिवसीय प्रवास पर इंदौर आ रहे हैं। वे यहां पूर्व प्रधानमंत्री भारतरत्न स्वर्गीय अटल बिहारी वाजपेयी के 100वीं जयंती के मौके पर आयोजित शून्य से शतक कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। कार्यक्रम में मध्य प्रदेश के राज्यपाल मंगुभाई पटेल और मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव भी भाग लेंगे। इस कार्यक्रम में चार विद्वानों को अटल अलंकरण से अलंकृत किया जाएगा।अटल फाउंडेशन की अध्यक्ष माला वाजपेयी तिवारी ने बताया कि इस वर्ष देश भर में विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। इसी कड़ी में अब वर्ष समाप्त होने से पूर्व इंदौर के डेली कॉलेज के धीरूभाई अंबानी सभागृह में आज एक भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया है। शून्य से शतक के रूप में आयोजित इस कार्यक्रम में देश के उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन, प्रदेश के राज्यपाल मंगुभाई पटेल और मुख्यमंत्री डॉ.मोहन यादव शामिल होंगे।उन्होंने बताया कि कार्यक्रम का आयोजन दोपहर 3:00 बजे से किया गया है। इस कार्यक्रम में बीएसएफ के बैंड के द्वारा वंदे मातरम की प्रस्तुति दी जाएगी। इस अवसर पर प्रसिद्ध कवि सत्यनारायण सत्तन, पूर्व केंद्रीय मंत्री सत्यनारायण जटिया, भारतीय क्रिकेट टीम चयन समिति के पूर्व चयनकर्ता संजय जगदाले और सागर के पारंग शुक्ला को अटल अलंकरण से अलंकृत किया जाएगा। इस अवसर पर अटल जी के जीवन पर केंद्रित एक लघु फिल्म का प्रदर्शन भी होगा। अटल जी से जुड़े संस्मरणों पर आधारित किताब के तीसरे संस्करण सदा अटल महाग्रंथ के कवर पेज का लोकार्पण भी किया जाएगा। इस कार्यक्रम में लोकसभा की पूर्व अध्यक्ष सुमित्रा महाजन सहित कई राज्यों के मंत्री और सांसद भी भाग लेंगे।निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन दोपहर 2:20 बजे इंदौर आएंगे और दोपहर 2:50 बजे धीरूभाई अम्बानी ऑडिटोरियम डेली कॉलेज में आयोजित पूर्व प्रधानमंत्री स्व. अटल बिहारी वाजपेयी की जन्म शताब्दी समारोह में शामिल होंगे। इसके पश्चात वे शाम 4:15 बजे देवी अहिल्याबाई होल्कर एयरपोर्ट से नई दिल्ली के लिये प्रस्थान करेंगे। राज्य शासन द्वारा उप राष्ट्रपति की अगवानी, विदाई एवं सत्कार के लिये प्रदेश के जल संसाधन मंत्री तुलसीराम सिलावट को मिनिस्टर-इन-वेटिंग नामांकित किया गया है।

(Udaipur Kiran) तोमर

Share

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *