Skip to content
Thursday, 29 October 2026
BREAKING
CHHATTISGARH

धमतरी : अवैध शराब बिक्री को लेकर ग्रामीणों में आक्रोश, ग्रामीण पहुंचे कलेक्ट्रेट

कलेक्ट्रेट में समस्या बताते हुए ग्रामीण।

धमतरी, 29 दिसंबर (Udaipur Kiran) । शराबबंदी को लेकर ग्राम कोसमर्रा में सक्रिय महिला कमांडो को व्यवस्था बनाने में परेशानी आ रही है। गांव के कुछ शरारती तत्व शांति व्यवस्था को भंग करने में जुटे हैं। सोमवार को इस मामले को लेकर गांव की महिलाएं व अन्य लोग कलेक्ट्रेट में समस्या बताने पहुंचे।

गांव में शांति व्यवस्था को लेकर एक बार फिर तनाव की स्थिति बनती नजर आ रही है। ग्राम पंचायत प्रतिनिधियों, महिला कमांडो, ग्राम विकास समिति एवं ग्रामीणों ने अवैध शराब बिक्री को लेकर पुलिस प्रशासन पर गंभीर आरोप लगाए हैं। मामले में पुलिस महानिदेशक रायपुर, कलेक्टर धमतरी एवं पुलिस अधीक्षक धमतरी से भी शिकायत की गई है। ग्रामीणों ने बताया कि एक जुलाई 2025 को थाना भखारा एवं जनप्रतिनिधियों के संयुक्त प्रयास से गांव में नशामुक्ति और शांति बनाए रखने के उद्देश्य से एक बृहद बैठक आयोजित की गई थी। इसी बैठक में महिला कमांडो का गठन किया गया, जिसके बाद गांव में लंबे समय तक शांति का माहौल बना रहा। लेकिन हाल के दिनों में ग्रामीणों का आरोप है कि थाना भखारा क्षेत्र के कुछ स्थानीय नगर सैनिकों के संरक्षण में पूर्व शराब कोचियों को पुनः सक्रिय कर दिया गया है। गांव के चौक-चौराहों पर खुलेआम शराब बिक्री कराई जा रही है। आरोपितों में रोशन साहू, भीखम साहू एवं हृदय साहू के नाम सामने आए हैं, जिन पर पूर्व में भी अवैध शराब बिक्री के मामले दर्ज बताए जा रहे हैं। ग्रामीणों का यह भी कहना है कि एक किराना दुकान संचालक द्वारा इन्हें संरक्षण दिया जा रहा है। ग्रामीणों और महिला कमांडो का कहना है कि अवैध शराब बिक्री से गांव में मारपीट, झगड़े हत्या जैसे गंभीर अपराध की आशंका बढ़ गई है। इसी को लेकर ग्राम कोसमर्रा में पंचायत प्रतिनिधियों, महिला कमांडो और ग्रामीणों की बैठक भी आयोजित की गई, जिसमें शराब बिक्री बंद करने की चेतावनी दी गई, लेकिन आरोप है कि संबंधित लोगों ने इस पर ध्यान नहीं दिया।

स्थिति से आक्रोशित ग्रामीणों ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि यदि शीघ्र कार्रवाई नहीं की गई तो 10 जनवरी 2026 को बस स्टैंड कोसमर्रा में सड़क जाम किया जाएगा। ग्रामीणों ने यह भी कहा है कि भविष्य में गांव में किसी भी प्रकार की अनहोनी की संपूर्ण जिम्मेदारी पुलिस थाना भखारा एवं प्रशासन की होगी। महिला कमांडो अध्यक्ष रामप्रसाद सहित ग्राम पंचायत प्रतिनिधियों ने प्रशासन से तत्काल हस्तक्षेप कर अवैध शराब बिक्री पर सख्त कार्रवाई की मांग की है, ताकि गांव में फिर से शांति और सौहार्द का माहौल कायम रहे।

(Udaipur Kiran) / रोशन सिन्हा

Share

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *