Skip to content
Thursday, 29 October 2026
BREAKING
RAJASTHAN

स्कूल बाल वाहिनियों के औचक निरीक्षण में मिला नियमों का उल्लंघन

दौसा में बाल वाहिनियों की जांच करते अधिकारी

दौसा, 3 दिसंबर (Udaipur Kiran) । सुप्रीम कोर्ट के निर्देशों की पालना में बुधवार को दौसा जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के सचिव तथा एडीजे संतोष अग्रवाल ने बुधवार को परिवहन विभाग एवं यातायात पुलिस के साथ संयुक्त रूप से जिले में स्कूल बाल वाहिनियों का औचक निरीक्षण किया।

उन्होंने बताया कि सुरक्षा संबंधी तमाम निर्देशों के बावजूद बाल वाहिनियों के खतरनाक तरीके से संचालन किया जा रहा है। इस पर राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण द्वारा संज्ञान लेकर सभी जिला विधिक सेवा प्राधिकरणों को बाल वाहिनियों के औचक निरीक्षण के निर्देश दिए गए। इसके बाद बुधवार को जीरोता मोड़ स्थित स्कूलों की बाल वाहिनियों का छुट्टी होने पर निरीक्षण किया गया। जिसमें बाल वाहिनियों में सीसीटीवी कैमरे, फर्स्‍ट एड बॉक्स, जीपीएस, पैनिक बटन, अग्निशमन यंत्र समेत अन्य सुरक्षा सम्बन्धी मानकों का पालन नहीं किया जाना पाया गया। सचिव ने बताया कि उच्चतम न्यायालय की ओर से बाल वाहिनियों के संबंध में दिशा-निर्देश जारी किए गए हैं तथा उनकी पालना के संबंध में रालसा द्वारा दिशा-निर्देश भी जारी किए गए हैं। इसके बावजूद भी सुरक्षा मानकों का पालन नहीं कर स्कूल बाल वाहिनियों की ओर से नियमों का खुलेआम उल्लंघन किया जा रहा है। अधिकांश स्कूल बाल वाहिनियां सफेद रंग से पेंटेंड थी, जबकि नियमानुसार उन्हें पीले रंग से पेंटेड होना चाहिए। बाल वाहिनियों पर स्कूल का नाम, पता, फोन नंबर भी नहीं लिखा हुआ था। सचिव ने स्कूल प्रशासन एवं बाल वाहिनी संचालकों को उच्चतम न्यायालय के दिशा-निर्देशानुसार सभी सुरक्षा मानदण्डों को पूरा करने के निर्देश दिए। मौके पर परिवहन विभाग की ओर से बाल वाहिनियों के चालान भी बनाए गए। निरीक्षण के दौरान जिला परिवहन अधिकारी संजीव भारद्वाज आदि मौजूद रहे।

—————

(Udaipur Kiran) / चरणजीत

Share

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *