Skip to content
Thursday, 29 October 2026
BREAKING
HEADLINES

पाक जासूसी नेटवर्क पर पुलिस का दूसरा प्रहार, तौफीक के बाद वसीम अख्तर गिरफ्तार

-खुफिया एजेंसियां इस नेटवर्क को जड़ से खत्म करने में जुटी

पलवल, 1 अक्टूबर (Udaipur Kiran News) । हरियाणा के पलवल जिले में पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी आईएसआई के लिए जासूसी के नेटवर्क पर पुलिस ने एक और करारा प्रहार किया। हथीन उपमंडल के गांव कोट निवासी वसीम उर्फ वसीम अख्तर (पुत्र मकसूद अहमद) को गिरफ्तार कर लिया गया। कुछ दिन पहले गिरफ्तार तौफीक के बाद यह दूसरी गिरफ्तारी है। दोनों आरोपी पाकिस्तानी हैंडलर्स से संपर्क में रहकर गोपनीय जानकारी भेज रहे थे।

पिछले सप्ताह पुलिस ने हथीन के ही तौफीक को गिरफ्तार किया था। तौफीक के मोबाइल और सोशल मीडिया खातों से ऐसे कई सबूत मिले थे, जिनसे साफ हुआ कि वह पाकिस्तान में बैठे हैंडलर्स से लगातार संपर्क में था। वह सीमावर्ती इलाकों की तस्वीरें और रक्षा प्रतिष्ठानों से जुड़ी जानकारियां दुश्मन देश को भेज रहा था। शुरुआती पूछताछ में तौफीक ने कबूल किया था कि उसे इसके बदले पैसों का लालच दिया गया।

पुलिस अधिकारियों के अनुसार, तौफीक से हुई पूछताछ और उसके कॉल डिटेल रिकॉर्ड की जांच में वसीम का नाम सामने आया। जांच में पता चला कि वसीम भी लंबे समय से इसी नेटवर्क का हिस्सा है और दुश्मन देश को संवेदनशील जानकारियां मुहैया कराता था। इसी आधार पर वसीम को गुप्त कार्रवाई कर गिरफ्तार किया गया।

पुलिस सूत्रों का कहना है कि वसीम और तौफीक दोनों ही मामूली पैसों के लालच में देशद्रोही गतिविधियों में शामिल हुए। दोनों से पूछताछ में और कई नाम सामने आने की संभावना है। सुरक्षा एजेंसियां यह भी पता लगाने की कोशिश कर रही हैं कि अब तक किन-किन संवेदनशील सूचनाओं को लीक किया गया और इस नेटवर्क के तार कहाँ तक फैले हुए हैं।

गाँव कोट और आसपास के क्षेत्रों में इन गिरफ्तारियों से सनसनी फैल गई है। ग्रामीणों का कहना है कि आम दिखने वाले ये लोग देशविरोधी गतिविधियों में शामिल हैं, इसका किसी को अंदाजा नहीं था।

जिला पुलिस अधीक्षक वरुण सिंगला ने कहा कि देश के खिलाफ काम करने वालों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा। जासूसी के ऐसे मामलों पर सख्ती से कार्रवाई की जा रही है और खुफिया एजेंसियां इस नेटवर्क को जड़ से खत्म करने में जुटी हैं।

—————

(Udaipur Kiran) / गुरुदत्त गर्ग

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *