राजस्थान में कमजोर मानसून से बढ़ी उमस, बीकानेर में पारा 40 डिग्री के पार
जयपुर, 19 अगस्त (Kiran News)। अगस्त माह में कमजोर मानसून के चलते राजस्थान के अधिकतर हिस्सों में गर्मी और उमस का सिलसिला जारी है। राज्य के कई जिलों में तापमान 35 डिग्री सेल्सियस से ऊपर पहुंच गया है, जबकि बीकानेर 40.1 डिग्री के साथ प्रदेश का सबसे गर्म स्थान रहा। वर्तमान में बारिश दक्षिणी और पूर्वी राजस्थान तक ही सीमित है, जबकि पश्चिमी रेगिस्तानी इलाकों में भीषण उमस और गर्मी का असर बना हुआ है। मौसम विभाग के अनुसार, सोमवार शाम 5:30 बजे तक हवा में नमी की मात्रा औसतन 50 से 85 प्रतिशत के बीच दर्ज हुई।

मौसम विज्ञान केंद्र, जयपुर के मुताबिक आने वाले दिनों में दक्षिणी राजस्थान के उदयपुर और जोधपुर संभाग में मेघगर्जन के साथ मध्यम से कहीं-कहीं भारी बारिश की संभावना है। वहीं, कोटा, अजमेर, जयपुर, भरतपुर और बीकानेर संभाग में हल्की से मध्यम बारिश होने के आसार हैं। अगस्त के आखिरी सप्ताह में बंगाल की खाड़ी में मानसूनी सिस्टम सक्रिय होने पर राज्य के अधिकांश हिस्सों में बारिश की गतिविधियों में बढ़ोतरी की उम्मीद है।
सोमवार को प्रदेश के कुछ इलाकों में ही मानसून सक्रिय रहा। सबसे अधिक वर्षा उदयपुर के डबोक में 26.6 मिमी दर्ज की गई। कोटा में 7.0 मिमी, चित्तौड़गढ़ में 3.0 मिमी, जैसलमेर में 1.2 मिमी और हनुमानगढ़ के सांगरिया में 1.0 मिमी बारिश हुई। वहीं, अजमेर, भीलवाड़ा, अलवर, जयपुर, सीकर, जोधपुर, बाड़मेर, बीकानेर, चूरू और श्रीगंगानगर में बारिश नहीं हुई और मौसम शुष्क रहा।
बीकानेर और जैसलमेर प्रदेश के सबसे गर्म स्थान रहे, जहां तापमान क्रमश: 40.1 और 40 डिग्री दर्ज हुआ। बाड़मेर में 38.8, जोधपुर में 37.7, चूरू में 37.8 और श्रीगंगानगर में 37.5 डिग्री तापमान दर्ज हुआ। राजधानी जयपुर में अधिकतम तापमान 35.4 और न्यूनतम 27.8 डिग्री रहा। अजमेर, भीलवाड़ा, अलवर, सीकर, नवलगढ़, चित्तौड़गढ़ और दौसा में तापमान 34 से 35 डिग्री के बीच दर्ज किया गया। दक्षिणी राजस्थान में उदयपुर का डबोक सबसे ठंडा स्थान रहा, जहां अधिकतम तापमान 31.6 डिग्री दर्ज हुआ।



