Skip to content
Tuesday, 24 November 2026
BREAKING
TECHNOLOGY

WhatsApp और Telegram पर स्कैम कॉल्स पकड़ेंगे Samsung के फोन

उदयपुर, 24 नवंबर: सैमसंग अपने स्मार्टफोन यूजर्स की सुरक्षा बढ़ाने के लिए एक नया फीचर लाने की तैयारी कर रहा है। कंपनी अपने आने वाले One UI 9.5 अपडेट में व्हाट्सएप, टेलीग्राम और गूगल मीट जैसे थर्ड-पार्टी ऐप्स की कॉल्स के लिए ‘स्कैम डिटेक्शन’ फीचर जोड़ सकती है। अब तक यह फीचर मुख्य रूप से सामान्य फोन कॉल्स तक ही सीमित रहा है। हालांकि, इस नए फीचर की मदद से इंटरनेट कॉल्स के दौरान संदिग्ध बातचीत और स्कैमर्स की आवाज पहचानने में मदद मिल सकती है। यह जानकारी एंड्रॉइड अथॉरिटी की एक रिपोर्ट में सामने आई है। रिपोर्ट के मुताबिक, One UI 9.5 बीटा 1 के कुछ ऐप कोड्स में स्कैम डिटेक्शन से जुड़े नए संकेत मिले हैं। हालांकि, सैमसंग ने अभी तक आधिकारिक तौर पर इस फीचर का ऐलान नहीं किया है, इसलिए फिलहाल इसे भविष्य में आने वाले एक संभावित फीचर के तौर पर ही देखा जाना चाहिए।

व्हाट्सएप और टेलीग्राम कॉल्स पर मिलेगा स्कैम अलर्ट

आजकल लोग बातचीत के लिए सिर्फ पारंपरिक मोबाइल नेटवर्क कॉल्स पर निर्भर नहीं हैं। हर दिन व्हाट्सएप, टेलीग्राम, इंस्टाग्राम और गूगल मीट जैसे ऐप्स के जरिए अनगिनत कॉल्स की जाती हैं। स्कैमर्स अक्सर लोगों को फंसाने के लिए इन्हीं प्लेटफॉर्म्स का इस्तेमाल करते हैं। ऐसे में सैमसंग का नया स्कैम डिटेक्शन फीचर काफी मददगार साबित हो सकता है। रिपोर्ट में बताया गया है कि One UI 9.5 में ‘स्कैम डिटेक्शन इन अदर ऐप्स’ नाम से एक नया विकल्प मिल सकता है, जिससे यूजर्स यह चुन सकेंगे कि वे किन ऐप्स की कॉल्स में स्कैम की जांच करना चाहते हैं।

तीन तरह की संदिग्ध आवाजों को पहचान सकेगा फोन

रिपोर्ट के अनुसार, सैमसंग का स्कैम डिटेक्शन फीचर तीन तरह की गतिविधियों को पहचानने के लिए डिजाइन किया जा रहा है।

1. धोखाधड़ी वाली बातचीत: अगर कॉल के दौरान होने वाली बातचीत किसी जाने-माने वॉइस फिशिंग स्कैम जैसी लगती है, तो फोन यूजर को अलर्ट कर सकता है। वॉइस फिशिंग में स्कैमर्स फोन पर लोगों से बैंक या अकाउंट से जुड़ी पर्सनल डिटेल्स निकलवाने की कोशिश करते हैं।

2. स्कैमर की आवाज: यह फीचर उन आवाजों को भी पहचानने की कोशिश कर सकता है, जो पहले स्कैम या धोखाधड़ी से जुड़ी रही हैं। ऐसे मामलों में फोन संदिग्ध आवाज से जुड़ा अलर्ट स्क्रीन पर दिखा सकता है।

3. AI से बनी नकली आवाज: आजकल AI की मदद से किसी दूसरे व्यक्ति की हूबहू आवाज तैयार की जा सकती है। स्कैमर्स इसका गलत फायदा उठाकर रिश्तेदार, दोस्त या किसी अधिकारी की फर्जी आवाज बनाकर पैसे मांगते हैं। सैमसंग का नया फीचर डीपफेक कही जाने वाली ऐसी AI-ऑल्टर्ड आवाजों को भी पहचानने की कोशिश करेगा।

कॉल के दौरान कैसे मिलेगा अलर्ट

रिपोर्ट के मुताबिक, जब कोई यूजर किसी सपोर्टेड ऐप पर कॉल पर होगा, तो फोन पर एक नोटिफिकेशन आ सकता है। इसमें पूछा जा सकता है कि क्या यूजर इस कॉल को स्कैम के लिए चेक करना चाहता है। इसके लिए ‘स्टार्ट’ और ‘स्टॉप’ जैसे विकल्प मिलने के संकेत मिले हैं। इससे बातचीत के दौरान यूजर्स को तुरंत अलर्ट रहने का मौका मिलेगा, खासकर तब जब कोई बैंक अधिकारी, सरकारी कर्मचारी या परिचित बनकर पर्सनल जानकारी या पैसे की मांग कर रहा हो।

WhatsApp और Telegram पर स्कैम कॉल्स पकड़ेंगे Samsung के फोन

Share