Skip to content
Friday, 30 October 2026
BREAKING
CHHATTISGARH

कोरबा : लाइन में खड़े होकर इलाज कराने को कहा तो युवकाें ने डॉक्टर से की मारपीट, अपराध पंजीबद्ध

शिविर का फोटो

कोरबा, 29 दिसंबर (Udaipur Kiran) । कोरबा जिले के गेवरा-दीपका क्षेत्र में स्थित नेहरू शताब्दी अस्पताल (एनसीएच) गेवरा के चिकित्सक डॉ. अर्पण विश्वास पर कल रविवार को हमला किए जाने का मामला सामने आया है। डॉक्टर की शिकायत पर हरदीबाजार थाना पुलिस ने आज चार आरोपितों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार ग्राम रलिया में सीएसआर योजना के तहत निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया गया था। शिविर के दौरान इलाज कराने पहुंचे ग्राम रलिया निवासी रामनारायण पटेल को डॉ. अर्पण विश्वास ने अन्य मरीजों की तरह लाइन में खड़े होकर उपचार कराने की बात कही। इस पर रामनारायण पटेल ने आपत्ति जताते हुए कथित रूप से डॉक्टर को धमकी दी कि वह बाद में देख लेगा।

बताया गया कि शिविर समाप्त होने के बाद जब डॉ. अर्पण विश्वास अस्पताल स्टाफ और एम्बुलेंस कर्मियों के साथ वापस लौट रहे थे, तभी रास्ते में रामनारायण पटेल, नीरज पटेल सहित दो अन्य युवकों ने उन्हें रोक लिया। आरोप है कि चारों ने डॉक्टर के साथ गाली-गलौज करते हुए लात-घूंसों से मारपीट की। इस घटना में डॉक्टर की आंख, सीने और पीठ में चोटें आई हैं।

हमले के बाद डॉक्टर और स्टाफ किसी तरह मौके से निकलकर दीपका थाने पहुंचे और घटना की जानकारी दी। मामला हरदीबाजार थाना क्षेत्र का पाए जाने पर आज वहां अपराध दर्ज किया गया। पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता की धारा 296, 115(2), 351(3) एवं 3(5) के तहत प्रकरण पंजीबद्ध कर जांच शुरू कर दी है।

घटना को लेकर चिकित्सा कर्मियों में रोष व्याप्त है। नेहरू शताब्दी अस्पताल के सीएमएस डॉ. कल्याण सरकार ने आज मानव संसाधन स्टाफ अधिकारी, गेवरा को लिखित शिकायत सौंपते हुए चिकित्सकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने, निष्पक्ष जांच कराने तथा आरोपितों की शीघ्र गिरफ्तारी की मांग की है। उन्होंने बताया कि ग्राम रलिया में आयोजित निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर में कुल 138 मरीजों का उपचार कर दवाएं वितरित की गई थीं। इसके बावजूद चिकित्सक पर हमला किया जाना अत्यंत निंदनीय है।

(Udaipur Kiran) / हरीश तिवारी

Share

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *