विधवा महिला की गला घोटकर हत्या, नहर किनारे मिला शव

हमीरपुर 15 दिसंबर (Udaipur Kiran) । उत्तर प्रदेश के हमीरपुर जिले की सदर कोतवाली थाना इलाके में सोमवार को नहर के पास एक विधवा महिला का शव संदिग्ध परिस्थितियों में पड़ा मिला। मृतका के गले पर निशान मिलने से गला घोंटकर हत्या किए जाने की आशंका जताई जा रही है। पुलिस घटना की जांच कर रही है।
पुलिस अधीक्षक दीक्षा शर्मा ने बताया कि मृतका की पहचान फूलन देवी निषाद के रूप में हुई है। उनकी शादी लगभग 16 वर्ष पूर्व वरदहा गांव में हुई थी। दो वर्ष पहले उनके पति का निधन हो चुका था, जिसके बाद से वह अपने दो पुत्रों के साथ रहती थीं। मृतका के पिता रामदास निवासी सहजना गांव ने पूछताछ में बताया कि आज उन्हें सूचना मिली थी कि उनकी बेटी का शव नहर किनारे पड़ा है। मौके पर पहुंचे तो देखा शव के आसपास खींचे जाने के निशान हैं, जिससे यह प्रतीत होता है कि हत्या कहीं और कर शव को नहर किनारे फेंका गया है। उन्होंने पुलिस को तहरीर देकर सख्त कार्रवाई की मांग की है। सूचना पर कोतवाली नगर प्रभारी पवन पटेल पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। फोरेंसिक टीम ने मौके से साक्ष्य एकत्र कर जांच शुरू की।
पुलिस अधीक्षक ने बताया कि मृतका के पिता की तहरीर के आधार पर वरदहा गांव निवासी बबलू निषाद, कलौलीतीर गांव निवासी सोनू व एक अज्ञात समेत तीन लाेगाें के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया। नामजद आराेपित से पूछताछ की जा रही है, जबकि अन्य आरोपिताें की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमों का गठन कर दिया गया है। फिलहाल पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचायतनामा भरते हुए पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है। मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगा। मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है। ————
(Udaipur Kiran) / पंकज मिश्रा



