Skip to content
Wednesday, 28 October 2026
BREAKING
RAJASTHAN

राजस्थान में भारी बारिश का दौर, नागौर में महिला की मौत, टोंक में 11 लोगों का रेस्क्यू

फाइल

जयपुर, 1 अक्टूबर (Udaipur Kiran News) । प्रदेश में मानसून की विदाई के बाद भी बरसात का दौर जारी है। मौसम केंद्र जयपुर ने बुधवार को भी 16 जिलों में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है। बीते 24 घंटे में जयपुर, अजमेर, नागौर, टोंक, कोटा समेत कई जिलों में झमाझम बरसात हुई।

नागौर के मेड़ता के कुरड़ाया गांव में बारिश के पानी में गिरी बिजली लाइन के करंट की चपेट में आने से 72 वर्षीय महिला की मौत हो गई। महिला सुबह खेत जाने के लिए निकली थी तभी हादसा हुआ।

इधर, टोंक जिले के देवली में राजमहल रपट पर बीसलपुर बांध से निकले पानी के तेज बहाव में एक पिकअप फंस गई। उसमें सवार 11 लोगों को देर रात पुलिस और ग्रामीणों की मदद से सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। पिकअप को सुबह निकाला गया। अजमेर के केकड़ी क्षेत्र में डाई नदी उफान पर आ गई है। इसके चलते मोतीपुरा-जावला, समेलिया-गोरधनपुरा, सियार-हिंगतड़ा और सापुंडा-हिंगोनिया सहित करीब आधा दर्जन मार्गों पर आवाजाही ठप हो गई है। अक्टूबर में पहली बार नदी में इतना पानी बह रहा है।

राजधानी जयपुर में मंगलवार दोपहर से शुरू हुई तेज बरसात देर शाम तक जारी रही। एक घंटे में जेएलएन मार्ग पर 71.5 मिलीमीटर बारिश मापी गई। मोतीडूंगरी रोड पर चार फीट तक पानी भर गया, जिससे कई इलाके जलमग्न हो गए और लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। कोटा में मंगलवार देर शाम हुई बारिश से दशहरा मेला प्रभावित हुआ। भीड़ को परेशानी उठानी पड़ी, वहीं कई जगह बिजली गुल हो गई। तेज बरसात की वजह से रामलीला में लंका दहन का कार्यक्रम स्थगित करना पड़ा। मौसम विभाग का कहना है कि प्रदेश में यह बरसात का दौर चार अक्टूबर तक जारी रह सकता है। बीते दो दिन में बीकानेर, जयपुर, भरतपुर समेत कई जिलों में चार इंच तक बारिश हुई है। दशहरा (दाे अक्टूबर) पर भी तेज बरसात की आशंका जताई गई है।

—————

(Udaipur Kiran) / रोहित

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *