खरीदारी के दौरान महिला का पर्स चोरी, 14 हजार रुपये ले उड़ा चोर

शिमला, 17 दिसंबर (Udaipur Kiran) । राजधानी शिमला में दिनदहाड़े खरीदारी करने आई एक महिला का पर्स चोरी होने का मामला सामने आया है। महिला स्थानीय निवासी है और वह शहर में शॉपिंग के लिए आई थी। घटना बुधवार दोपहर की है, जब महिला पंचायत भवन के समीप खरीदारी कर रही थी। इसी दौरान किसी अज्ञात व्यक्ति ने मौका पाकर उसका पर्स चुरा लिया।
शिकायतकर्ता महिला के अनुसार उसने अपना पर्स एक थैले के अंदर रखा हुआ था। खरीदारी के दौरान चोर ने थैले से पर्स निकाल लिया। कुछ देर बाद जब महिला को पर्स न होने का अहसास हुआ तो वह घबरा गई। उसने आसपास काफी तलाश की, लेकिन पर्स का कहीं भी पता नहीं चल पाया।
पर्स में करीब 14 हजार रुपये नकद रखे होने की बात महिला ने पुलिस को बताई है। महिला ने सदर थाना पहुंचकर पूरे मामले की शिकायत दर्ज करवाई। शिकायत मिलते ही पुलिस हरकत में आ गई और मामले की जांच शुरू कर दी गई।
पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि यह चोरी का मामला है और अज्ञात चोर की तलाश की जा रही है। घटनास्थल और उसके आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपी को पकड़ने का प्रयास किया जा रहा है।
—————
(Udaipur Kiran) / उज्जवल शर्मा



