आईजीएमसी में निर्माण कार्य के दौरान मजदूर घायल, पुलिस ने दर्ज किया मामला

शिमला, 30 दिसंबर (Udaipur Kiran) । राजधानी शिमला के इंदिरा गांधी मेडिकल कॉलेज (आईजीएमसी) में निर्माण कार्य के दौरान एक मजदूर के घायल होने का मामला सामने आया है। इस संबंध में पुलिस थाना सदर में भारतीय न्याय संहिता की धारा 125 और 125(ए) के तहत केस दर्ज किया गया है। यह मामला सरफराज अली के बयान के आधार पर पंजीकृत हुआ है।
पुलिस को दिए बयान में सरफराज अली ने बताया कि वह पिछले 5 से 7 वर्षों से हिमाचल प्रदेश में मजदूर के रूप में काम कर रहे हैं। वर्तमान में वह अपने कुछ रिश्तेदारों के साथ पीके कंस्ट्रक्शन के तहत आईजीएमसी शिमला की नई ओपीडी में लिफ्ट निर्माण कार्य में लगे हुए हैं। सरफराज अली के अनुसार घटना के समय नाज़िम अली नाप लेने के काम के लिए लोहे के एक खंभे पर रखी स्टूल पर खड़ा था। इसी दौरान उसका पैर अचानक फिसल गया और वह नीचे गिर पड़ा।
गिरने से नाज़िम अली को चोटें आईं। इसके बाद उसे उपचार के लिए अस्पताल में ले जाया गया। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और पूरे घटनाक्रम की जांच की जा रही है। पुलिस यह भी पता लगा रही है कि काम के दौरान सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम थे या नहीं।
—————
(Udaipur Kiran) / उज्जवल शर्मा



